उदयपुर। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मेवाड़ एवं पेसिफिक डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में आज शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर, उदयपुर में ओरल हेल्थ अवेयरनेस एवं ओरल कैंसर डिटेक्शन कैंप आयोजित किया गया।
शिविर में नागरिकों की मुख स्वास्थ्य संबंधी जांच के साथ उन्हें ओरल कैंसर के संभावित लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य मुंह से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मेवाड़ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता ने उपस्थित नागरिकों, चिकित्सकों, ट्रांसपोर्ट नगर के भाइयों एवं रोटरी सदस्यों का स्वागत करते हुए की।डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख स्वास्थ्य को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
मुंह में लंबे समय तक रहने वाले घाव, सफेद या लाल दाग, बार-बार रक्तस्राव, मुंह खोलने में परेशानी, निगलने में कठिनाई अथवा लंबे समय तक ठीक न होने वाले किसी भी बदलाव की समय पर जांच जरूरी है।शिविर में मेडिकल एवं डेंटल टीम ने नागरिकों की ओरल हेल्थ जांच एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की।
संदिग्ध लक्षण पाए जाने वाले लोगों को आगे की आवश्यक जांच, उपचार एवं विशेषज्ञ परामर्श के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया गया।इस दौरान तंबाकू, गुटखा, खैनी, बीड़ी एवं सिगरेट से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नागरिकों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया।कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता, सचिव भरत सिंघवी, अरविंद अग्रवाल एवं उनके सुपुत्र मनीष, जगदीश अरोड़ा, डॉ. अरुण बाफना, दीपेश कोठारी एवं मुकेश शर्मा सहित रोटरी सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर मेवाड़ की ओर से पेसिफिक डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की पूरी टीम, चिकित्सकों, रोटरी सदस्यों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
क्लब ने संदेश दिया कि समय पर जांच, सही परामर्श और तंबाकू से दूरी स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
