उदयपुर। शहर में शायराना परिवार की ओर से आयोजित पंचम दा को सलाम कार्यक्रम में रविवार को महान संगीतकार आरडी बर्मन को सुरों से आदरांजलि दी जाएगी।
इस दौरान शोभागपुरा में न्यू आरटीओ के पास स्थित ऐश्वर्या कॉलेज के ऑडिटोरियम में दोपहर 12 बजे संगीत की महफिल सजेगी।
संगीत और साहित्यिक संस्था के रूप में बीते 18 सालों से समर्पित शायराना परिवार आयोजन के दौरान आईवीएफ चिकित्सा के क्षेत्र में अमिट योगदान देने पर डॉ. अजय मूर्डिया को समाज सेवा सम्मान-2026 से सम्मानित करेगी।
संस्था के प्रमुख मनोज गीतांकर ने बताया कि डॉ. मूर्डिया ने अपने चिकित्सीय सेवाकाल के दौरान आईवीएफ के क्षेत्र के साथ साथ आमजन को साहित्य संगीत से जुड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के द्वारा निःशुल्क उच्च स्तरीय कार्यक्रम स्वयं की पहल से उदयपुर में उपलब्ध कराने में विशेष योगदान दिया।
डॉ अजय जी ने स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्मों में कला प्रदर्शन का अवसर उपलब्ध कराकर आगे बढ़ने का मौका दिया है साथ ही फिल्मी संगीत सितारों से रूबरू कराकर नवोदित कलाकारों को उत्साहवर्धन अवसर प्रदान किया है उन्होंने निःसंतान 2 लाख से अधिक दम्पतियों को संतान प्राप्ति के लिए सफल चिकित्सा सेवाएं दीं।
समारोह के दौरान राजस्थान के विभिन्न से आने वाले साहित्यकार, गजलकार, फनकार और संगीतकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।