मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 4 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
National News

उत्तर पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर 2026 में रूपये 33 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले रूपये 68.46 करोड़ का स्क्रैप का निस्तारण किया

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर तक रूपये 221.50 करोड़ की स्क्रैप निस्तारण, गत वर्ष की तुलना में लगभग 92 प्रतिशत अधिक

WAf𝕏TGin✉🖨
उत्तर पश्चिम रेलवे ने अक्टूबर 2026 में रूपये 33 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले रूपये 68.46 करोड़ का स्क्रैप का निस्तारण किया
1 / 2

जयपुर, उत्तर पश्चिम रेलवे ने स्क्रैप निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अक्टूबर 2026 में निर्धारित रूपये 33 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले रूपये 68.46 करोड़ मूल्य का स्क्रैप बेचा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने अपने मासिक लक्ष्य का लगभग 207 प्रतिशत हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य से दोगुने से भी अधिक की स्क्रैप बिक्री दर्ज की है।वित्तीय वर्ष 2026-27 में अक्टूबर माह तक उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा कुल रूपये 221.50 करोड़ मूल्य के स्क्रैप का निस्तारण किया जा चुका है।

उल्लेखनीय है कि गत वित्तीय वर्ष में अक्टूबर 2025 तक रूपये 115.47 करोड़ मूल्य के स्क्रैप की बिक्री हुई थी।

इस प्रकार चालू वित्तीय वर्ष में गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 92 प्रतिशत अधिक स्क्रैप बिक्री दर्ज की गई है।अक्टूबर माह में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा अनुपयोगी एवं अतिरिक्त सामग्री की पहचान कर उसके त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों, डिपो एवं मंडलों में उपलब्ध अनुपयोगी सामग्री की पहचान, चिह्नीकरण तथा नीलामी के लिए स्क्रैप लॉट तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया।इस विशेष अभियान के परिणामस्वरूप अनुपयोगी सामग्री के समयबद्ध निस्तारण को गति मिली।

इससे न केवल रेलवे परिसरों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने में सहायता मिली, बल्कि स्क्रैप बिक्री से राजस्व अर्जन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा स्क्रैप निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं निरंतर बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों से रेलवे परिसरों के बेहतर रखरखाव के साथ-साथ संसाधनों के अधिकतम उपयोग को भी प्रोत्साहन मिल रहा है