मुख्य सामग्री पर जाएँ
सोमवार, 28 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

विशेष जन सेवा शिविरों में राहत की सौगात

राजस्व से लेकर कृषि, सामाजिक सुरक्षा से पशु बीमा तक का मिल रहा लाभ

मुख्य बिंदु
  • मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में संचालित विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गिरदावर सर्कल स्तर पर विशेष जन सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
  • इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
  • उदयपुर में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद प्रीतम कुमार के निर्देशन में आयोजित हो रहे इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है।
  • शिविरों में राजस्व, कृषि, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन के प्रकरणों का निस्तारण कर रहे हैं।
  • विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में नामांतरण, खाता दुरुस्ती, भूमि संबंधी रिकॉर्ड में सुधार सहित अन्य कार्यों के लिए ग्रामीणों को अब संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
WAf𝕏TGin✉🖨
विशेष जन सेवा शिविरों में राहत की सौगात

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में संचालित विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत गिरदावर सर्कल स्तर पर विशेष जन सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को विभिन्न विभागों से जुड़ी सेवाएं और योजनाओं का लाभ उनके नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है।उदयपुर में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद प्रीतम कुमार के निर्देशन में आयोजित हो रहे इन शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है।

शिविरों में राजस्व, कृषि, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर आमजन के प्रकरणों का निस्तारण कर रहे हैं।

विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों में नामांतरण, खाता दुरुस्ती, भूमि संबंधी रिकॉर्ड में सुधार सहित अन्य कार्यों के लिए ग्रामीणों को अब संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

कई ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जो लंबे समय से लंबित थे और शिविर में अधिकारियों की तत्परता एवं विभागीय समन्वय से उनका मौके पर ही समाधान हुआ।अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना तथा उसकी समस्या का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

शिविरों में पहुंच रहे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से समय और श्रम की बचत हो रही है तथा सरकारी योजनाओं से उनका जुड़ाव भी आसान हो रहा है।सफलता की कहानियांभंवरलाल को मिला पुस्तैनी मकान का पट्टाग्राम पंचायत लुणदा में विशेष शिविर में ग्राम आम्बा का कुआ निवासी भंवरलाल पुत्र गौकल को उनके पुस्तैनी मकान का पट्टा हाथों-हाथ प्रदान किया गया।

भंवरलाल ने अपने पुस्तैनी मकान का पट्टा प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत में आवेदन किया था। पंचायत स्तर पर चल रही प्रक्रिया को गिरदावर सर्किल मुख्यालय लुणदा पर आयोजित शिविर में अंतिम रूप दिया गया और उन्हें मकान का पट्टा सौंपा गया।

पट्टा मिलने पर भंवरलाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अभियान से प्रार्थियों के काम आसान हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि पट्टा मिलने से अब उन्हें बैंक से ऋण लेने में सुविधा होगी, जिससे घर का पक्का निर्माण एवं अन्य जरूरी कार्य किए जा सकेंगे।

शिविर में कानोड़ तहसीलदार बगदाराम राणा, सहायक विकास अधिकारी श्री शम्भुलाल मीणा, ग्राम पंचायत लुणदा की प्रशासक श्रीमती गोदावरी देवी धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।12 साल से लंबित विरासत नामांतरण का शिविर में हुआ समाधानग्राम पंचायत छाणी में आयोजित शिविर में राजस्व ग्राम कातर निवासी प्रतापसिंह पुत्र कूरसिंह की करीब 12 वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हुआ।

प्रतापसिंह के पिता के निधन के बाद तकनीकी कारणों से भूमि का विरासत नामांतरण दर्ज नहीं हो पा रहा था। जांच में सामने आया कि एक ही खाते में पिता का नाम दो बार दर्ज होने के कारण नामांतरण अटका हुआ था।

मामले पर तहसीलदार डूंगरलाल प्रजापत ने पटवारी थाना एवं भू-अभिलेख निरीक्षक छाणी को जांच के निर्देश दिए। पुराने रिकॉर्ड का अवलोकन कर शुद्धि पत्र तैयार किया गया, जिसे तहसीलदार ने मौके पर ही स्वीकृत कर दिया।

कार्रवाई से 12 वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हुआ और विरासत नामांतरण दर्ज करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।

समस्या के समाधान पर प्रतापसिंह ने प्रशासन एवं अभियान के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए आभार जताया।कृषक को शिविर में मिला फार्मर रजिस्ट्री कार्डग्राम पंचायत बावलवाड़ा में आयोजित विकसित भारत जन सेवा अभियान के शिविर में किसान शंकर पुत्र श्री मंगला की फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्या का मौके पर समाधान किया गया।

शंकर लंबे समय से अपनी कृषि भूमि की फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए प्रयासरत थे। रजिस्ट्री नहीं होने से उन्हें फसल बीमा और कृषि अनुदान सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई आ रही थी।

शिविर में राजस्व विभाग के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री कार्ड उपलब्ध कराया।

अपनी समस्या के तत्काल समाधान पर किसान शंकर ने राजस्थान सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।राजस्व रिकॉर्ड में नाम की त्रुटि हुई दूर, मिली राहतजन सेवा शिविर में पटवार हल्का बड़गांव के ग्राम खिमखेड़ा निवासी खातेदार नानालाल पुत्र ललु मीणा के राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नाम की त्रुटि का मौके पर ही समाधान किया गया।

राजस्व खाते में नाम गलत दर्ज होने के कारण नानालाल को प्रशासनिक एवं कृषि संबंधी कार्यों में परेशानी हो रही थी।

शिविर प्रभारी एवं एसडीएम अभिलाषा चौधरी के निर्देशन में राजस्व अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कर खाता दुरुस्ती की प्रक्रिया पूरी की और खातेदार को सही नाम वाला आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध कराया।

समस्या के तत्काल समाधान पर नानालाल ने प्रशासन एवं राजस्थान सरकार का आभार जताया।