उदयपुर। आर्य समाज हिरणमगरी, उदयपुर द्वारा विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के आधारभूत स्तंभ वेदों के प्रति जागृति लाने के उद्देश्य से अंतर विद्यालय स्तरीय सुरेश चंद्र गुप्ता स्मृति वेद मंत्र पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मंगलवार को आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सस्वर वेद मंत्र पाठ एवं हिन्दी में भावार्थ प्रस्तुत किए। संयोजिका शारदा गुप्ता ने बताया कि कनिष्ठ वर्ग में 15 तथा वरिष्ठ वर्ग में 14 विद्यालयों के कुल 56 विद्यार्थियों ने निर्धारित वेद मंत्रों का अर्थ सहित सस्वर पाठ किया।
शिक्षाविद प्रो. डॉ. राकेश कुमार एरन की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमद् दयानंद सत्यार्थ प्रकाश न्यास के अध्यक्ष अशोक आर्य, सुखाड़िया विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. बी.एल. जैन और आर्य समाज उदयपुर के मंत्री आचार्य सत्यप्रिय आर्य शामिल रहे।
निर्णायकों ने अपने उद्बोधन में ईश्वरीय ज्ञान वेदों के महत्व, देववाणी संस्कृत की महिमा और वेद पाठ में भाषा की शुद्धता पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
प्रतियोगिता परिणाम : कनिष्ठ वर्ग में - प्रथम स्थान सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोवर्धन विलास की छात्रा धरा मेहता, द्वितीय स्थान सीडलिंग मॉडर्न पब्लिक स्कूल के युवराज सिंह राव और तृतीय स्थान दयानन्द कन्या विद्यालय की जानवी कठेरिया ने प्राप्त किया।
वरिष्ठ वर्ग में - प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय तीनों स्थान सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोवर्धन विलास की छात्राओं ने प्राप्त किए। क्रमशः नव्या सिंह प्रथम, सृष्टि शर्मा द्वितीय और वांशी बडाला तृतीय रहीं।
कनिष्ठ और वरिष्ठ दोनों वर्गों की विजेता वैजयंती ट्रॉफी सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोवर्धन विलास ने जीती। सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिह्न और वैदिक साहित्य प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही विजय लक्ष्मी बंसल कृत ‘श्रीमद् भगवत गीता के उपदेशों’ की पुस्तिका सभी प्रतिभागियों को भेंट की गई।
स्वागत उद्बोधन में आर्य समाज हिरणमगरी के संरक्षक प्रो. डॉ. अमृतलाल तापड़िया ने कहा कि आर्य समाज हिरणमगरी के संस्थापक प्रधान स्व. सुरेश चंद्र गुप्ता की स्मृति में यह प्रतियोगिता प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है।
आभार आर्य समाज हिरणमगरी की संरक्षिका एवं प्रतियोगिता की संयोजिका शारदा गुप्ता ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आर्य समाज हिरणमगरी के उपमंत्री भूपेंद्र शर्मा ने किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में दयानंद कन्या विद्यालय की मानद निदेशक पुष्पा सिंधी, मंत्री कृष्ण कुमार सोनी, प्रधानाचार्य प्रेमलता मेनारिया, कोषाध्यक्ष प्रीति चौहान, आर्य समाज हिरणमगरी के कार्यकारी प्रधान भंवर लाल आर्य आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
