जैसलमेर । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के कार्यक्रम की 19 अगस्त को घोषणा के साथ ही नगर परिषद जैसलमेर एवं नगर पालिका पोकरण में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। चुनाव कार्यक्रम के तहत वार्ड पार्षदों के निर्वाचन के लिए लोकसूचना गुरुवार, 27 अगस्त को जारी होगी और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।
31 अगस्त तक दाखिल होंगे नामांकन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 27 से 31 अगस्त तक राजकीय कार्य दिवस में प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी।
अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित है एवं इसी दिन अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की जा सकेगी। 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
9 एवं 11 सितंबर को होगा मतदान नगर निकाय चुनाव में मतदान दो चरणों में होगा। नगर परिषद जैसलमेर में 9 सितंबर एवं नगर पालिका पोकरण में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।
अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों का चुनाव भी निर्धारित अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर मंगलवार को जारी की जाएगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर बुधवार होगी एवं नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर गुरुवार को की जाएगी।
अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर शुक्रवार है और इस दिन अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी।
चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर शुक्रवार को अभ्यर्थिता वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात किया जाएगा।अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर सोमवार को होगा।
मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 21 सितंबर को ही मतगणना की जाएगी।
उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर मंगलवार को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे एवं नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः11ः30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा एवं मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
45 वार्ड जैसलमेर और 25 वार्ड पोकरण में चुनाव नगर परिषद जैसलमेर में 45 वार्डों के लिए 45 मतदान केंद्र तथा नगर पालिका पोकरण में 25 वार्डों के लिए 26 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। जैसलमेर नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 35,249 तथा पोकरण नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 17,254 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नामांकन स्थल पर केवल पांच व्यक्तियों को प्रवेश नामांकन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करते समय प्रत्याशी सहित अधिकतम पांच व्यक्तियों को ही उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम), जैसलमेर तथा रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम), पोकरण कार्यालय में यह व्यवस्था लागू रहेगी।
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता एवं कड़े प्रबंध किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संभावित अभ्यर्थियों एवं राजनीतिक दलों से निर्वाचन कार्यक्रम एवं निर्धारित नियमों की पालना सुनिश्चित करने तथा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन प्रक्रिया में सहयोग की अपील की है।