उदयपुर, सिटी पैलेस स्थित महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल ने एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग (EWISR) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए को-एजुकेशनल डे-कम-बोर्डिंग स्कूल श्रेणी में देशभर में नौवां, राजस्थान में तीसरा और उदयपुर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि से विद्यालय और शहर का गौरव बढ़ा है।
विद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित एजुकेशनवर्ल्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। संस्थान की ओर से विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने पुरस्कार ग्रहण किया।
विद्यालय की यह उपलब्धि शैक्षणिक उत्कृष्टता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन एवं मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और पूरे विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया। प्रबंधन के अनुसार, यह सम्मान संस्थान के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने की दिशा में प्रेरणा प्रदान करेगा।
