उदयपुर। उदयपुर प्रीमियर लीग (यूपीएल) सीजन-3 में क्रिकेट का रोमांच लगातार बढ़ रहा है।
टूर्नामेंट के तहत खेले गए मुकाबलों में फतेह फाल्कन्स, पिछोला पैंथर्स और चेतक स्पार्टन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
बल्लेबाजों की आक्रामक पारियों और गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी ने मैचों को रोमांचक बना दिया।पहले मुकाबले में पैलेस नाइट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 178 रन बनाए।
निशांत कच्छावा ने 62 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेह फाल्कन्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सात विकेट शेष रहते जीत हासिल कर ली।
टीम की ओर से अमान अहमद ने नाबाद 49 रन और अनिरुद्ध सांखला ने 47 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
शानदार प्रदर्शन के लिए अनिरुद्ध सांखला को मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरे मुकाबले में पिछोला पैंथर्स के गेंदबाज गोटू ने अपनी घातक गेंदबाजी से लेक टाइटंस की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।
लेक टाइटंस की पूरी टीम महज 64 रनों पर सिमट गई। इसके बाद पिछोला पैंथर्स ने लक्ष्य आसानी से हासिल करते हुए नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
गोटू ने पांच विकेट लेकर मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में कर दिया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।प्रातःकालीन मुकाबले में प्रताप वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 137 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेतक स्पार्टन्स की टीम ने पंकज और डॉ. सौरभ की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।आयोजक प्रतीक परिहार ने बताया कि टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन दर्शकों के उत्साह को लगातार बढ़ा रहा है।
मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि वाइल्ड फॉरेस्ट की एशली भंडारी और नॉर्थिंग की शुभ कोठारी ने मैन ऑफ द मैच खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
