उदयपुर। गीतांजलि इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल स्टडीज (जीआईटीएस) में विट्टी इंटरनेशनल स्कूल की ओर से आयोजित टेडएक्स कार्यक्रम में आर.के. फॉस्फेट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक एवं युवा उद्यमी अर्पित सिंघवी ने अपने प्रेरणादायी संबोधन से उपस्थित श्रोताओं को प्रभावित किया।
उन्होंने युवाओं को सफलता हासिल करने के लिए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर आत्मविकास को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।अपने संबोधन में अर्पित सिंघवी ने जीवन में आने वाले दबाव को बाधा मानने के बजाय उसे अपनी ताकत बनाने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति को दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय स्वयं से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए और हर दिन खुद को पहले से बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।उन्होंने वर्तमान में जीने, छोटी-छोटी उपलब्धियों को महत्व देने तथा सफलता की राह में मिलने वाली प्रत्येक सकारात्मक उपलब्धि पर स्वयं को प्रोत्साहित करने के विचार भी साझा किए।
साथ ही, उन्होंने ‘बियॉन्ड एक्सपेक्टेशन्स’ अर्थात अपेक्षाओं से बढ़कर प्रदर्शन करने की सोच को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।जीवन से जुड़े रोचक उदाहरणों और व्यावहारिक विचारों के माध्यम से उन्होंने युवाओं को समझाया कि लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता, अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण और निरंतर प्रयास व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं।
उनका संबोधन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना और सफलता को लेकर एक नया दृष्टिकोण प्रदान किया।
