उदयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज़ी से जारी है।
इसी क्रम में सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के निर्देशन में नगर निगम स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में रिटर्निंग अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिटर्निंग अधिकारियों ने भाग लिया।
इस दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर महामाया प्रसाद चौबीसा ने अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराते हुए निर्वाचन कार्यों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मास्टर ट्रेनर चौबीसा ने रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की बारीकियों से अवगत कराया।
निर्वाचन के दौरान नामांकन पत्रों की प्राप्ति एवं संवीक्षा, अभ्यर्थियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच, निर्धारित प्रपत्रों का संधारण, मतदान केंद्रों की व्यवस्था और मतदान संबंधी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विशेष परिस्थितियों में निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई करने, निर्वाचन संबंधी शिकायतों पर आवश्यक प्रक्रिया अपनाने तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री और अभिलेखों का सुरक्षित हस्तांतरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण रहती है।ईवीएम-बैलेट पेपर संबंधित दी जानकारियांप्रशिक्षण के दौरान ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली, मतदान से पूर्व आवश्यक जांच, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल, सीलिंग, मतदान के दौरान मशीन का सुरक्षित संचालन तथा मतदान समाप्त होने के बाद मशीन को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित जमा कराने जैसे विभिन्न तकनीकी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।इसी प्रकार बैलेट पेपर से मतदान के दौरान मतपत्रों की प्राप्ति एवं जांच, मतपत्रों का सुरक्षित संधारण, मतदाताओं को नियमानुसार मतपत्र जारी करने की प्रक्रिया, मतदान की गोपनीयता बनाए रखना, मतपत्रों को मतपेटी में डालने की व्यवस्था तथा मतदान समाप्ति के बाद मतपेटियों को सीलबंद कर सुरक्षित जमा कराने जैसे विषयों की जानकारी प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है पंचायती राज चुनाव में पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य का मतदान ईवीएम से होता है शेष सभी पदों हेतु मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से सम्पन्न होता है।निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताप्रशिक्षण कार्यक्रम में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान को निर्वाचन आयोग की प्राथमिकता बताते हुए चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
चौबीसा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में सभी संबंधित अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में आवश्यक है कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन बिना किसी पक्षपात के करे और निर्वाचन संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करे।
