मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

रोटरी बजाज भवन में कल से सजेगी गरबा-डांडिया की महफिल, तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में बंटेंगे 200 पुरस्कार

15 से 17 अक्टूबर तक रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में थिरकेंगे कदम, प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक होगा आयोजन

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर। झीलों की नगरी में नवरात्रि के उल्लास के बीच रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर की ओर से कल, 15 अक्टूबर से तीन दिवसीय भव्य ‘नवरात्रि महोत्सव-2026’ का आगाज होगा। रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में शहरवासी पारंपरिक गुजराती, हिंदी और फिल्मी गीतों की धुनों पर गरबा-डांडिया का आनंद उठाएंगे। आयोजन 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन श्रीचन्द खतुरिया, कार्यक्रम संयोजक रोटेरियन डी.पी. धाकड़ और सचिव रोटेरियन दुष्यन्त सोमानी ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक ध्वनि व्यवस्था के बीच प्रतिभागी पारंपरिक परिधानों में गरबा-डांडिया करेंगे। आयोजन के मुख्य प्रायोजक पेसिफिक यूनिवर्सिटी एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल हैं।

तीन दिन, तीन रंगों में नजर आएंगे प्रतिभागी

महोत्सव में हर दिन के लिए अलग-अलग रंगों की वेशभूषा निर्धारित की गई है। 15 अक्टूबर को पहले दिन प्रतिभागी केसरिया रंग के परिधानों में नजर आएंगे। दूसरे दिन 16 अक्टूबर को नीले और अंतिम दिन 17 अक्टूबर को लाल रंग की वेशभूषा में गरबा-डांडिया की धूम रहेगी। आयोजन के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल 200 आकर्षक पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

पहले 500 आगंतुकों को मिलेगा प्रवेश, चाय-नाश्ते की निःशुल्क व्यवस्था

आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में परिवार सहित शामिल होने की व्यवस्था रहेगी। प्रवेश व्हाट्सएप आमंत्रण कार्ड के माध्यम से पहले 500 आगंतुकों को दिया जाएगा। सभी आगंतुकों के लिए निःशुल्क पेयजल, चाय और नाश्ते की व्यवस्था भी रहेगी।

क्लब अध्यक्ष श्रीचन्द खतुरिया, संयोजक डी.पी. धाकड़ और सचिव दुष्यन्त सोमानी ने शहरवासियों से सपरिवार महोत्सव में शामिल होने और गरबा-डांडिया के रंग में रंगकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।