उदयपुर। महाराजा अग्रसेन जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा, जिला उदयपुर एवं महिला प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को लेक गार्डन सोसायटी के क्लब हाउस में भव्य समारोह आयोजित किया गया।
श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से परिपूर्ण इस आयोजन में अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में समाज की एकता, संगठन और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल रहे। समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महिला प्रकोष्ठ की अनीता अग्रवाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का भक्तिमय आगाज किया। जिला अध्यक्ष सतीश कुमार अग्रवाल ने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों का स्वागत-अभिनंदन किया।
महिला प्रकोष्ठ की बहनों ने सामूहिक भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वहीं, रेणु गुप्ता के सुरीले गीत ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान महिला प्रकोष्ठ की बहनों को पारितोषिक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
समाज की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत: ओमप्रकाश अग्रवाल मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांत आज भी समाज को एकता, सहयोग, समानता और सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से संगठित रहकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन लीलावती मित्तल ने प्रभावशाली ढंग से किया। अंत में महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष पुष्पलता तायल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात महाराजा अग्रसेन जी की महाआरती की गई, जिसमें सभी ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
समारोह में संरक्षक गोपाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष सतीश कुमार अग्रवाल, सह सचिव घनश्याम मित्तल, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पुष्पलता तायल, महामंत्री रेखा अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक अरविंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रेम अग्रवाल सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे।
अंत में समाज के सभी परिवारों से 12 अक्टूबर को अग्रसेन पार्क, पंचवटी चौराहा पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने की अपील की गई। समारोह ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में एकता एवं सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।
