मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 11 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

अग्रसेन जयंती महोत्सव में उमड़ा प्रवासी अग्रवाल समाज का जनसैलाब, प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ भव्य सम्मान

केके गुप्ता बोले—संगठित होकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करे अग्रवाल समाज

WAf𝕏TGin✉🖨
अग्रसेन जयंती महोत्सव में उमड़ा प्रवासी अग्रवाल समाज का जनसैलाब, प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ भव्य सम्मान
1 / 2

उदयपुर। प्रवासी अग्रवाल समाज समिति की ओर से आयोजित अग्रसेन जयंती महोत्सव-2026 का मुख्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह शनिवार देर शाम हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित अटल सेवा केंद्र के सभागार में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में प्रवासी अग्रवाल समाज के लोगों का विशाल जनसमूह उमड़ पड़ा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, वरिष्ठजनों के सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों के अभिनंदन और समाजसेवियों के सम्मान ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजस्थान सरकार के नगरीय विभाग के प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज को संगठित होकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक पदों पर अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।

इसके लिए युवाओं को आगे आने और नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ राजनीतिक दलों को भी सहयोग देता है, लेकिन चुनावों में टिकट वितरण के दौरान समाज की अपेक्षित भागीदारी नहीं मिलती।

अब समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संगठित प्रयास करे।

समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके अग्रवाल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विशिष्ट अतिथि नारायण सेवा संस्थान के निदेशक प्रशांत अग्रवाल ने भगवान अग्रसेन के एक रुपया-एक ईंट के सिद्धांत को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक एकता, पारिवारिक संस्कार और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाकर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

समाज भवन निर्माण में सहयोग की अपील समाज के अध्यक्ष शशिकांत खेतान ने निर्माणाधीन समाज भवन के लिए सभी अग्रवाल परिवारों से खुले मन से सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान अग्रसेन और कुलदेवी माता लक्ष्मी की कृपा से समाज संपन्न है। ऐसे में सभी परिवारों को समाजहित के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी जिंदल एवं उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल के संयोजन में भवन निर्माण में सहयोग देने वाले 22 अग्रजनों का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। इनमें नटवर खेतान, आरपी गुप्ता, पवन कनोडिया और मदन अग्रवाल सहित अन्य समाजसेवी शामिल रहे।

वरिष्ठजनों और आदर्श दंपति का विशेष सम्मान महिला समिति की अध्यक्ष राम मित्तल एवं मंत्री संतोष पति ने बताया कि समारोह में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ महिला-पुरुषों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वरिष्ठतम दंपति सम्मान रहा, जो रोशन लाल अग्रवाल एवं उषा अग्रवाल को प्रदान किया गया। यह सम्मान आरके अग्रवाल एवं ममता अग्रवाल द्वारा प्रायोजित श्रीमती बेला देवी, पत्नी वृंदावन अग्रवाल स्मृति वरिष्ठतम दंपति सम्मान के रूप में दिया गया।

सांस्कृतिक मंत्री निकिता गोयल ने बताया कि समारोह में आदर्श सास-बहू सम्मान, आदित्य विकास पुरस्कार, मेधावी छात्र सम्मान और एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रमुख आकर्षण रहे। इन सम्मानों के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों और शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

23 जोनल प्रभारियों का भी हुआ अभिनंदन समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरके अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं संयोजन में समाज के 23 जोनल प्रभारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। इन प्रभारियों ने घर-घर जाकर पीले चावल वितरित करने और आयोजन के लिए सहयोग राशि एकत्रित करने का कार्य किया। इस सराहनीय योगदान के लिए जोन संख्या 22 के प्रभारी सत्यनारायण गुप्ता सहित सभी जोनल प्रभारियों का सम्मान किया गया।

समारोह में भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ सामाजिक एकता, सहयोग, संस्कार और सेवा का संदेश दिया गया। आयोजन ने प्रवासी अग्रवाल समाज को एक मंच पर लाकर भगवान अग्रसेन के आदर्शों पर चलने तथा समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प मजबूत किया।