उदयपुर। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राजस्थान होटलियर्स क्लब एवं गौरव प्रताप केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में गौरव प्रताप केंद्र, उदयपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मेवाड़ की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ उदयपुर पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने पर विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में अनुराग सक्सेना, भगवती प्रसाद शर्मा, शेफ विमल धर एवं शेफ संगीता धर (रॉयल राजस्थान शेफ सोसाइटी) उपस्थित रहे।
राजस्थान होटलियर्स क्लब के अध्यक्ष करण सिंह चंपावत, संस्थापक रजनीकांत शर्मा, नरेंद्र मेहता एवं सुरेंद्र सिंह राठौड़ सहित अन्य गणमान्यजन भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में दिवेर के ऐतिहासिक गौरव और महाराणा प्रताप की ऐतिहासिक विजय को विश्व पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने पर चर्चा हुई।
वक्ताओं ने कहा कि मेवाड़ की ऐतिहासिक धरोहर, वीरता, परंपराओं और संस्कृति को पर्यटन से जोड़कर देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक अनुभव विकसित किया जा सकता है।उदयपुर में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने, बेहतर पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्यटकों को मेवाड़ की लोककला, संस्कृति, खान-पान और ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ने के विभिन्न सुझाव भी साझा किए गए।विश्व पर्यटन दिवस पर उदयपुर पहुंचे पर्यटकों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस दौरान मेवाड़ की समृद्ध विरासत और अतिथि सत्कार की परंपरा को विश्वभर में पहचान दिलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में राजस्थान होटलियर्स क्लब एवं गौरव प्रताप केंद्र ने मेवाड़ की विरासत, संस्कृति और पर्यटन को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने के लिए संयुक्त रूप से निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।
