श्रीगंगानगर । नगर परिषद, श्रीगंगानगर के समस्त वार्ड पार्षदगणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत), श्रीगंगानगर एवं सभापति/आयुक्त, नगर परिषद, श्रीगंगानगर को पत्र सौंपकर जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्वाचन कार्य में लगाए गए नगर परिषद के सफाई निरीक्षकों एवं सफाई कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त करने की मांग की है।पार्षद बंटी वाल्मीकि ने बताया कि समस्त पार्षदगणों ने पत्र के माध्यम से अवगत करवाया है कि नगर परिषद के सफाई निरीक्षकों एवं सफाई कर्मचारियों की चुनाव कार्य में ड्यूटी लगाए जाने से शहर की नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
सफाई कार्मिकों की कमी के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कचरा एकत्रित होने तथा गंदगी फैलने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके साथ ही गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलने का खतरा भी बना रहता है।उन्होंने बताया कि दीपावली का पर्व नजदीक होने के कारण शहर में नियमित सफाई के साथ-साथ विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, आवासीय क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करना जनहित में जरूरी है, ताकि आमजन को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके तथा दीपावली के अवसर पर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।समस्त पार्षदगणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि जनहित एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद के सफाई निरीक्षकों एवं सफाई कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त किया जाए तथा निर्वाचन कार्य के लिए अन्य विभागों के कार्मिकों की नियुक्ति की जाए।
इससे शहर की नियमित सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहेगी तथा दीपावली पर्व के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होगी।इस दौरान पार्षद बंटी वाल्मीकि, सन्नी नागपाल, जगदीश घोड़ेला, अशोक मेठिया, कर्मजीत कौर, सुशील चावला, राजविंदर कौर, शिल्पा पाहुजा, नवाब खान, बलवंत चौधरी, सुमन, ओमी नायक, महेंद्र जांगिड़, सुनीता चौहान, दिनेश कुमार, रेणु, सुनीता देवी, भगवान सहाय महेंद्रा, आकाश इंदौरा, अनीता झींझा, शांति देवी, सुशील वर्मा, सचिन एवं जोबनप्रीत सहित अन्य पार्षदगण उपस्थित रहे।
