उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के राजस्थान कृषि महाविद्यालय के पशु उत्पादन विभाग द्वारा शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को विश्व अंडा दिवस (World Egg Day) उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को अंडे के पोषण महत्व, मानव स्वास्थ्य में इसकी उपयोगिता तथा अंडा उत्पादन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. लोकेश गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. जे.एल. चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अंडे के पोषण मूल्य, स्वास्थ्य लाभ एवं संतुलित आहार में इसकी भूमिका को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि डॉ. लोकेश गुप्ता ने अंडा उत्पादन, मुर्गीपालन की उपयोगिता तथा पशुपालन क्षेत्र में इसकी आर्थिक एवं पोषण संबंधी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर अंडा उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है। साथ ही, कुक्कुट पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. जे.एल. चौधरी ने मानव पोषण में अंडे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अंडा उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का अच्छा स्रोत है।
इसमें शरीर के विकास, मांसपेशियों के निर्माण एवं स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार में अंडे की उपयोगिता के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित क्विज एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, रचनात्मकता तथा पशु उत्पादन एवं पोषण संबंधी विषयों के प्रति रुचि को प्रोत्साहन मिला।
अंत में डॉ. लक्ष्मण जाट ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विभाग के संकाय सदस्यों एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन अंडे के पोषण महत्व, सुरक्षित एवं वैज्ञानिक अंडा उत्पादन तथा जन-जागरूकता बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।
