मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

सीमा से पुलिस लाइन तक डीजीपी का दौरा

तनोट माता मंदिर में दर्शन के बाद जैसलमेर पुलिस लाइन का निरीक्षण, सिणधरी थाने में कानून-व्यवस्था की समीक्षा

WAf𝕏TGin🖨
सीमा से पुलिस लाइन तक डीजीपी का दौरा

जैसलमेर । पश्चिमी राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे के तहत पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को सुबह तनोट माता मंदिर में दर्शन एवं आरती में शिरकत की।

इसके बाद जैसलमेर पहुंचकर उन्होंने पुलिस लाइन, ऑफिसर्स मैस, महिला बैरक, जिम, कैंटीन और पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय का निरीक्षण किया।

बाद में बालोतरा जिले के सिणधरी थाने पहुंचकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की तथा पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर नशे एवं साइबर अपराध की रोकथाम में जनसहयोग लेने के निर्देश दिए।

तनोट माता के दर्शन, आरती में हुए शामिल डीजीपी श्री शर्मा ने सुबह तनोट माता मंदिर में दर्शन किए और आरती में शामिल होकर प्रदेश में सर्वतोमुखी समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित ऑफिसर्स मैस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

डीजीपी ने पुलिस लाइन जैसलमेर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्थापित जिम और कैंटीन का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला बैरक का निरीक्षण, बेहतर सुविधाओं पर जोर पुलिस लाइन में नवनिर्मित महिला बैरक का भी डीजीपी ने निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीजीपी श्री शर्मा पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद कर विद्यालय में पढ़ाई और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। वे कक्षा-कक्षों में भी पहुंचे और विद्यार्थियों से उनके पाठ्यक्रम सहित पढ़ाई से जुड़े विषयों पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को टॉफियां वितरित कीं।

सिणधरी थाने में कानून-व्यवस्था की समीक्षा जैसलमेर से डीजीपी श्री शर्मा बालोतरा जिले के सिणधरी पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने थाने का निरीक्षण करने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा अपराध की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि आमजन के साथ निरंतर समन्वय और संवाद बनाए रखते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने नशे की रोकथाम तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए आमजन का सहयोग लेने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक कर पुलिस के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान मजबूत किया जाए।

रात में बीएसएफ जवानों से सीमा संवाद, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा इससे पूर्व बुधवार रात डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा बबलियान बॉर्डर आउट पोस्ट पहुंचे। यहां उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों से रूबरू होकर सीमा संवाद किया और विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे सीमा प्रहरियों का हौसला बढ़ाया।

डीजीपी ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा का भ्रमण कर सीमा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों के साथ संवाद करते हुए राजस्थान पुलिस की ओर से बीएसएफ के साथ निरंतर प्रभावी समन्वय बनाए रखने की बात कही। इसके बाद वे तनोट पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया।

इस दौरान आईजी सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।