मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Jaislmer news

पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव सर्वोच्च प्राथमिकता - जिला निर्वाचन अधिकारी आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

WAf𝕏TGin✉🖨
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को लेकर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

जैसलमेर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही जिले में निर्वाचन प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है तथा संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी जोरवाल ने कहा कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने राजनैतिक दलों से प्रशासन एवं निर्वाचन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की आधारभूत प्रक्रिया है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। सभी राजनैतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को समान अवसर, समान नियम एवं समान रूप से लागू निर्वाचन प्रावधान उपलब्ध रहेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आयोग के निर्देशों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करते हुए किसी भी शिकायत अथवा उल्लंघन की सूचना पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र पाल सिंह ने बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम, आदर्श आचार संहिता तथा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों, पोस्टर-बैनर एवं अन्य प्रचार सामग्री के प्रदर्शन, निर्वाचन व्यय तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के लिए निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया।

उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करते हुए प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले में पंचायतीराज चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जा सकें।

बैठक में समाजसेवी दलपत हिंगडा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मनोहर सिंह दामोदरा, इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रतिनिधि प्रेम प्रकाश व्यास सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।