उदयपुर, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ डीम्ड टू बी विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी विभाग की ओर से शुक्रवार को कैंपस प्लेसमेंट एवं इंटर्नशिप ड्राइव आयोजित की गई। इसमें बीसीए, एमसीए, एमएससी आईटी और पीजीडीसीए के 135 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 58 का चयन किया गया।
कुलाधिपति . बी.एल. गुर्जर के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का शुभारंभ कुलपति प्रो. मंजू मांडोत ने किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में डिग्री के साथ तकनीकी दक्षता, संवाद कौशल और व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास विद्यार्थियों को उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।
पांच कंपनियों ने की चयन प्रक्रिया
ड्राइव में एड्रोइट जॉब्स से चेतन शाकद्वीपी, आईसीआईसीआई बैंक से संबद्ध आईटीएम से राजेंद्र पाल सैनी, कोड प्रेरानेटरा से धर्मेश पालीवाल, एसएनवी से आशीष बाहेती और वेब्सनोर से बेददास भंडारी ने प्रतिनिधित्व किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को अपनी कार्यप्रणाली, कार्य संस्कृति और उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट वार्ता, योग्यता एवं तकनीकी परीक्षण, समूह चर्चा और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। इन चरणों में विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, तार्किक क्षमता और व्यक्तित्व का आकलन किया गया।
प्रो. मांडोत ने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि विद्यार्थियों को उद्योग जगत से जुड़ने और करियर बनाने के अधिक अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में डॉ. मनीष श्रीमाली, डॉ. भारत सिंह देवड़ा, डॉ. गौरव गर्ग, डॉ. दिनेश श्रीमाली, डॉ. प्रदीप सिंह शक्तावत, डॉ. भरत सुखवाल, डॉ. ललित सालवी, मुकेश नाथ, दुर्गाशंकर, त्रिभुवन सिंह बमनिया और मनोज यादव सहित विभाग के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. दिलीप चौधरी ने किया।
