मुख्य सामग्री पर जाएँ
रविवार, 11 अक्टूबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

उदयपुर में आज से 20 अक्टूबर तक सजेगी ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ की धूम, 13 अक्टूबर को अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह होंगे विशेष आकर्षण

अशोका ग्रीन, शोभागपुरा में प्रतिदिन शाम 7 बजे से होगा भव्य आयोजन, गरबा-डांडिया के साथ मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार और विशेष उपहार

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर में आज से 20 अक्टूबर तक सजेगी ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ की धूम, 13 अक्टूबर को अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह होंगे विशेष आकर्षण

उदयपुर। शारदीय नवरात्रि के उल्लास, भक्ति और पारंपरिक उत्साह को खास अंदाज में मनाने के लिए उदयपुर में ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक अशोका ग्रीन, शोभागपुरा, उदयपुर में प्रतिदिन शाम 7 बजे से आयोजित होने वाले इस उत्सव में शहरवासियों को गरबा, डांडिया, संगीत और मनोरंजन से भरपूर माहौल का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

आयोजन टीम से सचिन वैष्णव ने बताया कि मेवाड़ की सांस्कृतिक पहचान और नवरात्रि की पारंपरिक गरिमा को आधुनिक उत्सव के रंगों के साथ जोड़ते हुए आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और परिवारों के लिए विशेष आकर्षण रखे गए हैं। आयोजन का उद्देश्य उदयपुरवासियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे परिवार और मित्रों के साथ नवरात्रि के उत्सव में शामिल होकर यादगार पल बिता सकें।

13 अक्टूबर को अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह होंगे विशेष आकर्षण आयोजन टीम से विपिन पालीवाल ने बताया कि ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ में 13 अक्टूबर को अभिनेता ठाकुर अनूप सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

टेलीविजन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में धृतराष्ट्र की भूमिका से पहचान बनाने वाले ठाकुर अनूप सिंह फिल्मों और टेलीविजन की दुनिया में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।

वे फिल्म ‘कमांडो 2’ सहित विभिन्न मनोरंजन परियोजनाओं में नजर आ चुके हैं।

पहले दिन निःशुल्क प्रवेश सहित मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार दिलीप पालीवाल ने बताया कि, ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ में दर्शकों और प्रतिभागियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए कई विशेष ऑफर, प्रतियोगिताएं और पुरस्कार रखे गए हैं। आयोजन के पहले दिन फॉलोअर्स के लिए निःशुल्क प्रवेश की विशेष सुविधा रहेगी।

पीयूष सुथार ने बताया कि प्रतिदिन आकर्षक उपहार और पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में आईफोन जैसे आकर्षक पुरस्कार, निःशुल्क मनाली यात्रा, सर्वश्रेष्ठ नर्तक पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ युगल पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ परिधान के लिए पुरुष एवं महिला वर्ग में सम्मान शामिल हैं।

गरबा और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ विशेष सेलिब्रिटी उपस्थिति और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां भी उत्सव का हिस्सा होंगी। इन आकर्षणों के माध्यम से आयोजन की प्रत्येक शाम को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।

संगीत, परंपरा और उत्साह का होगा संगम ‘मेवाड़ रास डांडिया 2026’ में नवरात्रि के पारंपरिक गरबा और डांडिया के साथ संगीत, रंग-बिरंगे परिधान और सांस्कृतिक उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में प्रतिभागियों को अपनी नृत्य प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और पुरस्कार जीतने का अवसर भी मिलेगा।