उदयपुर। नवरात्रि के पावन पर्व पर जहाँ पूरे देश में माँ दुर्गा एवं विभिन्न देवी स्वरूपों की पूजा-अर्चना और आराधना की जा रही है, वहीं संगीत के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान एवं वंदन की अनूठी पहल करते हुए सुरों की मंडली संस्था द्वारा 17 अक्टूबर को ‘मातृ शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ शक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करना, महिलाओं की संगीत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी गायन कला प्रस्तुत करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि नारी शक्ति परिवार, समाज और संस्कृति की आधारशिला है। माँ, बहनें और बेटियाँ अपने भीतर अनेक प्रतिभाएँ समेटे हुए हैं। कई बार उचित मंच नहीं मिलने के कारण उनकी प्रतिभा सामने नहीं आ पाती। इसी सोच के साथ संस्था ने नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं को समर्पित इस विशेष संगीतमय आयोजन की पहल की है।
कार्यक्रम संयोजिका एवं सुरों की मंडली की एग्जीक्यूटिव सदस्य डॉ. हर्षा राज और डॉ. प्रियंका भट्ट के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में गायन प्रस्तुतियाँ केवल नारी शक्ति द्वारा दी जाएँगी। इसमें महिलाएँ भजन, भक्ति गीत एवं अन्य मधुर संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इस आयोजन के जरिए महिलाओं को अपनी कला अभिव्यक्त करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भावनाओं, संस्कारों, श्रद्धा और आत्मिक जुड़ाव की अभिव्यक्ति भी है। नवरात्रि के दौरान माँ दुर्गा की आराधना के साथ नारी शक्ति का सम्मान करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
सुरों की मंडली की ओर से उदयपुर के सभी संगीत प्रेमियों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया है। जहाँ गायन मंच पर केवल मातृ शक्ति अपनी प्रस्तुतियाँ देंगी, वहीं श्रोता बनकर शहर के सभी संगीत प्रेमी इन प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे और महिला प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन कर सकेंगे।
