उदयपुर | प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए लोगों के नाम तत्काल बहाल कर उनका मताधिकार सुनिश्चित किया जाए।
शर्मा ने एक समाचार-पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सवाल मुख्य निर्वाचन आयुक्त से हैं, लेकिन जवाब सरकार की ओर से दिया जा रहा है, जिससे कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने कहा कि दोषपूर्ण SIR के आधार पर हुए चुनावों की वैधता की समीक्षा कर आवश्यकता अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं आवश्यक सुधार किए जाएं। शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा जरूरी है।