मुख्य सामग्री पर जाएँ
सोमवार, 30 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

400 साल बाद श्री खेरज माताजी मंदिर पर स्थापित हुआ स्वर्ण शिखर कलश और ध्वजादंड

तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन, तीन दिनों में 15 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण की परसादी

WAf𝕏TGin✉🖨
400 साल बाद श्री खेरज माताजी मंदिर पर स्थापित हुआ स्वर्ण शिखर कलश और ध्वजादंड

उदयपुर। सविना स्थित प्राचीन श्री खेरज माताजी मंदिर में रविवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठान के बीच 400 साल बाद स्वर्ण शिखर कलश एवं ध्वजादंड की स्थापना की गई।

इसी के साथ तीन दिवसीय शिखर कलश प्रतिष्ठा महोत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए सविना सहित आसपास के क्षेत्रों और दूरदराज से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

महोत्सव के तीनों दिनों में करीब 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए महा परसादी की व्यवस्था की गई।

महंत 1008 श्री गोपाल गिरी से महाराज का इस संपूर्ण आयोजन में सानिध्य रहा।आयोजन की जानकारी देते हुए व्यवसायी कालूलाल जैन ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे हवन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई।

इसके बाद शुभ मुहूर्त में विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के शिखर पर स्वर्ण कलश एवं ध्वजादंड की विधिवत प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान मंदिर परिसर मां खेरज माताजी के जयकारों से गूंज उठा।

महिलाओं ने मंगल गीत गाकर इस ऐतिहासिक पल का स्वागत किया। करीब चार शताब्दी बाद मंदिर पर शिखर कलश और ध्वजादंड की स्थापना होते देख कई श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

मंदिर में कलश व ध्वजादंड स्थापना तथा संपूर्ण प्रतिष्ठा महोत्सव की व्यवस्थाएं अरिहंत प्रॉपर्टी डीलर्स के सौजन्य से केसरबाई, मीना एवं कालूलाल जैन परिवार तथा समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से की गईं।तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही।

आमंत्रित भजन कलाकारों ने मां खेरज माताजी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

भजन संध्या में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया और देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

वहीं, शनिवार शाम आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में कवियों एवं रचनाकारों ने हास्य, व्यंग्य और काव्य रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।महोत्सव के तीनों दिन श्रद्धालुओं के लिए महा परसादी की व्यवस्था की गई, जिसमें करीब 15 हजार लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।करीब पांच शताब्दी पुराने श्री खेरज माताजी मंदिर में 400 साल बाद स्वर्ण शिखर कलश एवं ध्वजादंड की प्रतिष्ठा सविना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का अवसर रहा।

तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

आयोजन में ग्रामवासी डालचंद चौधरी, गोविंदराम सुथार, खुमाणसिंह, शंभूसिंह, चंदनसिंह, नारायणलाल डांगी, जीतपाल जैन, तुलसीराम सुथार एवं पुरुषोत्तम सुथार सहित कई लोगों ने भी अपनी सेवाएं प्रदान की।