उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MPUAT), उदयपुर के 200 से अधिक विद्यार्थियों का भारत सरकार द्वारा MY Bharat पोर्टल के माध्यम से आयोजित अखिल भारतीय विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता के द्वितीय चरण के लिए चयन हुआ है।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय की विभिन्न राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाइयों के लगभग 800 विद्यार्थियों ने इस क्विज प्रतियोगिता में भाग लिया। यह सहभागिता कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी मेंटरशिप में सुनिश्चित हुई।
डॉ. दवे ने बताया कि 14 अक्टूबर, 2026 को घोषित परिणामों में विश्वविद्यालय के लिए उत्साहजनक उपलब्धि सामने आई है। विश्वविद्यालय के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के द्वितीय चरण के लिए अर्हता प्राप्त की है।
प्रतियोगिता के द्वितीय चरण में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित विषय पर निबंध प्रस्तुत करना है। इसके लिए अंतिम तिथि 22 अक्टूबर, 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को निबंध लेखन की तैयारी में सहयोग देने के लिए संबंधित NSS इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा विशेष मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप प्रदान की जा रही है।
डॉ. दवे ने सभी चयनित विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए अगले चरण में सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा इस राष्ट्रीय स्तर की पहल में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए NSS कार्यक्रम अधिकारियों—इंजी. विवेक मीणा, श्रीमती मोनिका राय, सुश्री कुसुम मेघवाल, श्रीमती सुमन ठकन, प्रो. आर. पी. मीणा, डॉ. रामावतार खंडेलवाल, श्री सोमशेखर व्यास एवं डॉ. केवल चंद सीरवी—के प्रयासों एवं सहयोग की भी सराहना की।
यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर की पहलों में MPUAT के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता तथा विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने के प्रति उनके उत्साह को दर्शाती है।
