किसी व्यक्ति की वास्तविक महानता उसके पद, प्रतिष्ठा अथवा उपलब्धियों से नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में उसके व्यवहार और मानवीय संवेदनाओं से पहचानी जाती है। जब किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी खतरे में हो और कोई दूसरा अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना उसकी सहायता के लिए आगे आए, तब मानवता अपने सबसे सुंदर स्वरूप में दिखाई देती है। चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर घटित एक घटना ने इसी मानवीय मूल्य को जीवंत कर दिया।
घटना उस समय की है, जब गत दिनों रतलाम से सूफी संत अम्मारुल इस्लाम साहब की निजामत में लगभग 40 जायरीनों का दल मकनपुर उर्स शरीफ में शामिल होने के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचा था। दल को मेवाड़ एक्सप्रेस के एस-2 कोच से रवाना होना था। जायरीनों को विदा करने के लिए प्रतापनगर निवासी शिक्षक एवं पर्यावरणविद् डॉ. मोहम्मद यासीन भी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे।
इसी दौरान मेवाड़ एक्सप्रेस चलने लगी।तभी दो पुरुष और एक महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया | ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में उदयपुर निवासी महिला का पैर अचानक फिसल गया और वह कोच के दरवाजे की सीढ़ियों में फंस गई। स्थिति अत्यंत भयावह थी। महिला की जान पर बन आई थी और प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग अचानक हुए इस घटनाक्रम से घबरा गए। ऐसे कठिन समय में डॉ. मोहम्मद यासीन ने अदम्य साहस, तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को बचाने का प्रयास शुरू किया।
पहले प्रयास में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। लगातार तीन बार प्रयास करने के बाद आखिरकार वे महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहे। इस दौरान अन्य यात्रियों और स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। उनकी सामूहिक तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता से एक बड़ा हादसा टल गया और एक अनमोल जिंदगी बच गई।
इस घटना का सबसे प्रेरणादायी पक्ष डॉ. यासीन का वह जज्बा है, जिसने शुरुआती असफलता के बावजूद उनके कदम पीछे नहीं हटने दिए। संकट के समय अक्सर लोग भय और असमंजस में पड़ जाते हैं। कुछ लोग सहायता करना चाहते हुए भी परिस्थितियों को देखकर पीछे हट जाते हैं। लेकिन डॉ. यासीन ने अपने कर्म से साबित कर दिया कि सच्ची संवेदना केवल सहानुभूति व्यक्त करने में नहीं, बल्कि जरूरत के समय सक्रिय होकर किसी की सहायता करने में निहित होती है।
एक शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं होता, बल्कि अपने आचरण से जीवन के मूल्यों की शिक्षा देना भी होता है। डॉ. यासीन का यह साहसिक कार्य शिक्षा के इसी व्यापक उद्देश्य को सार्थक करता है। उन्होंने किसी मंच से मानवता का उपदेश नहीं दिया, बल्कि अपने व्यवहार से उसका वास्तविक अर्थ समझा दिया। उनका यह कार्य बताता है कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह व्यक्ति को संवेदनशील, जिम्मेदार और दूसरों के दुख-दर्द के प्रति जागरूक बनाए।
यह घटना समाज के सामने एक महत्वपूर्ण प्रश्न भी रखती है कि क्या हम सार्वजनिक स्थानों पर केवल अपनी सुविधा और सुरक्षा तक सीमित होते जा रहे हैं? रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर थोड़ी-सी असावधानी कभी-कभी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना अत्यंत जोखिमपूर्ण है। यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने का प्रयास नहीं करना चाहिए। रेलवे प्रशासन के साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि वे सुरक्षा संबंधी जागरूकता को प्राथमिकता दें।
साथ ही, दुर्घटना के समय घबराने के बजाय विवेकपूर्ण ढंग से सहायता करना भी आवश्यक है। आपातकालीन परिस्थितियों में रेलवे कर्मचारियों और अधिकृत सहायता सेवाओं को तत्काल सूचित करना चाहिए। वास्तविक साहस का अर्थ केवल जोखिम उठाना नहीं, बल्कि परिस्थितियों को समझते हुए जीवन बचाने के लिए उचित कदम उठाना है।
डॉ. मोहम्मद यासीन का यह कार्य हमें याद दिलाता है कि मानवता किसी जाति, धर्म, भाषा अथवा क्षेत्र की सीमा में बंधी नहीं होती। संकट में पड़े व्यक्ति की सहायता करना ही सबसे बड़ा मानवीय धर्म है। किसी की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझना और बिना किसी भेदभाव के सहायता के लिए आगे आना ही सभ्य समाज की वास्तविक पहचान है।
आज जब समाज में स्वार्थपरता और संवेदनहीनता को लेकर चिंताएं व्यक्त की जाती हैं, तब चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन की यह घटना उम्मीद की नई किरण जगाती है। यह संदेश देती है कि दुनिया में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जिनके लिए किसी अनजान व्यक्ति की जिंदगी भी उतनी ही मूल्यवान है, जितनी अपनी जिंदगी।
निस्संदेह, किसी की जान बचाने के लिए बढ़ाया गया एक हाथ केवल एक जीवन नहीं बचाता, बल्कि पूरे समाज में विश्वास, करुणा और मानवता को भी जीवित रखता है। डॉ. मोहम्मद यासीन ने अपने साहसिक प्रयास से यह सिद्ध कर दिया कि इंसान होने का सबसे बड़ा प्रमाण किसी जरूरतमंद के काम आना है। मानवता की असली पहचान शब्दों से नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में किए गए कर्मों से होती है।
-सत्य भूषण शर्मा [ प्रवक्ता, पत्रकार, लेखक, कवि एवं यूट्यूबर]
