उदयपुर। विज्ञान समिति के नवाचार महिला प्रकोष्ठ मासिक मिलन के अंतर्गत सदस्याओं ने नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के समीप माँ वैष्णोदेवी के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद और भक्ति का लाभ लिया।
नवरात्रि के रंग में रंगी महिलाओं ने पारंपरिक गरबा करते हुए वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। गरबा के साथ-साथ महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन एवं माता के जयकारों का गायन किया। भक्ति गीतों की मधुर स्वर-लहरियों और “जय माता दी” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सभी ने माँ वैष्णोदेवी के दर्शन कर परिवार, समाज तथा देश की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगल की कामना की। इस धार्मिक यात्रा ने सभी सदस्यों में आपसी स्नेह, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर दोपहर 3.00 बजे उदयपुर के लिए अपने अपने वाहनों से प्रस्थान किया। यह जानकारी समिति के मीडिया प्रभारी प्रोफ़ेसर विमल शर्मा ने दी।
