उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री अशोक कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह प्रातः 9:15 बजे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण करेंगे।
ध्वजारोहण के पश्चात कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह समारोह को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विभिन्न इकाइयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों, मेधावी विद्यार्थियों, प्रगतिशील किसानों तथा विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं टीमों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर उनका अभिनंदन किया जाएगा।
कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हेतु नाम चयनित किए जाएंगे।
इनमें शैक्षणिक कर्मचारी, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी (मंत्रालयिक, तकनीकी एवं चतुर्थ श्रेणी), विद्यार्थी, प्रशस्ति-पत्र/सराहना प्रमाण-पत्र तथा किसान (कृषि विज्ञान केन्द्र) श्रेणियां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट एवं विशिष्ट योगदान के लिए चयनित व्यक्तियों को विशेष पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे एवं भू-संपदा अधिकारी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।