जयपुर | सप्त शक्ति कमान द्वारा 25 नवंबर 2026 को सप्त शक्ति सभागार, जयपुर में ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ के कर्टेन रेज़र समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह 13 दिसंबर 2026 को अल्बर्ट हॉल, जयपुर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा। इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्र के वीर योद्धाओं के शौर्य एवं बलिदान को सम्मान देना तथा देशभक्ति, शारीरिक स्वस्थता और एकता को बढ़ावा देना है।
समारोह में सप्त शक्ति कमान के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पी. एस. शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस कार्यक्रम में चार एंबेसडर, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, नागरिक प्रशासन के प्रतिनिधि, कार्यरत सैनिक, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स एवं क्षेत्र के युवाओं सहित 600 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई, जिसके बाद विशेष रूप से तैयार की गई ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ की परिकल्पना, उद्देश्यों एवं महत्व को दर्शाया गया।
आयोजन के एंबेसडरों के वीडियो संदेशों एवं विशेष संबोधनों ने इस पहल के महत्व को और अधिक उजागर किया।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए चीफ ऑफ स्टाफ ने राष्ट्र के वीर योद्धाओं को सम्मान देने के महत्व पर जोर दिया तथा समाज के सभी वर्गों से उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘ऑनर रन जयपुर 2026’ की आधिकारिक टी-शर्ट, पदक एवं स्मृति सामग्री का अनावरण रहा, जो समर्पण, दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहभागिता की भावना का प्रतीक है। इस अवसर पर सैन्य एवं नागरिक गणमान्य व्यक्तियों, एंबेसडरों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने नागरिक-सैन्य संबंधों को और मजबूत किया तथा आगामी आयोजन के प्रति उत्साह बढ़ाया।
‘ऑनर रन जयपुर 2026’ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के वीर योद्धाओं एवं पूर्व सैनिकों के साहस और बलिदान को समर्पित एक विशेष पहल है। इसका उद्देश्य शारीरिक स्वस्थता, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना है।
यह पहल सेवारत सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं, परिवारों एवं नागरिकों को एक मंच पर लाकर सामूहिक गौरव की भावना विकसित करने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है।
