मुख्य सामग्री पर जाएँ
बुधवार, 25 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Business News

फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के ‘संपर्क 2026’ में गिग वर्कर्स के कल्याण पर चर्चा, दिल्ली सरकार ने कल्याण बोर्ड के गठन की दिशा में जारी प्रयासों की जानकारी दी

फ्लिपकार्ट फाउंडेशन ने अपनी स्थापना के बाद से 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 41.5 लाख लोगों तक पहुंच बनाई दिल्ली सरकार ने गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा, कल्याण और आजीविका के बेहतर अवसरों के लिए उद्योग जगत के साथ सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया

WAf𝕏TGin✉🖨
फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के ‘संपर्क 2026’ में गिग वर्कर्स के कल्याण पर चर्चा, दिल्ली सरकार ने कल्याण बोर्ड के गठन की दिशा में जारी प्रयासों की जानकारी दी

नई दिल्ली: फ्लिपकार्ट ग्रुप की परोपकारी संस्था फ्लिपकार्ट फाउंडेशन ने अपने प्रमुख वार्षिक सम्मेलन ‘संपर्क 2026: सिस्टमिक चेंज – बिल्डिंग फॉर लास्टिंग इम्पैक्ट’ के चौथे संस्करण का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया। सम्मेलन में सामाजिक बदलाव के लिए काम करने वाले लोगों, गैर-लाभकारी क्षेत्र के प्रतिनिधियों, कॉरपोरेट जगत, सरकार, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और स्थानीय समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान इस बात पर चर्चा हुई कि विकास के प्रयासों को केवल अलग-अलग कार्यक्रमों तक सीमित रखने के बजाय मजबूत संस्थाओं और स्थानीय क्षमताओं का विकास कैसे किया जाए, ताकि समुदाय लंबे समय तक अपनी प्रगति बनाए रख सकें।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष संबोधन देते हुए दिल्ली सरकार के कानून एवं न्याय, श्रम, रोजगार, विकास, कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा, “गिग वर्कर्स का कल्याण और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार, उद्योग जगत और सभी हितधारकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। दिल्ली सरकार गिग वर्कर्स कल्याण बोर्ड के गठन की दिशा में काम कर रही है, ताकि उनकी सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और कार्यस्थल पर सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। इसके साथ ही श्रमिकों और उनके परिवारों की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा सके। हमें तात्कालिक कल्याणकारी उपायों से आगे बढ़कर कौशल विकास और करियर में प्रगति के अवसर भी पैदा करने होंगे। इससे डिलीवरी पार्टनर्स को स्टोर, वेयरहाउस और इन्वेंट्री मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में नई भूमिकाएं निभाने का अवसर मिल सकेगा। उद्योग जगत के साथ बेहतर सहयोग के जरिए हम बेहतर सहायता तंत्र विकसित कर सकते हैं और गिग वर्कर्स तथा उनके परिवारों को अधिक सुरक्षित एवं टिकाऊ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में मदद कर सकते हैं।”

अपनी स्थापना के बाद से फ्लिपकार्ट फाउंडेशन ने कौशल विकास, उद्यमिता, पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक विकास से जुड़ी पहलों के माध्यम से 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 41.5 लाख लोगों तक पहुंच बनाई है। अपने एनजीओ साझेदारों और स्थानीय समुदायों के साथ मिलकर फाउंडेशन स्थानीय क्षमताओं के विकास, टिकाऊ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और समुदायों के नेतृत्व में विकास को बढ़ावा देने पर लगातार ध्यान केंद्रित कर रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर और फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य रजनीश कुमार ने फाउंडेशन की अब तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए की। ‘स्टोरीज ऑफ चेंज’ सत्र में बडी4स्टडी इंडिया फाउंडेशन की परियोजना प्रतिभागी आशमी और स्माइल फाउंडेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजीव धाम ने अपने अनुभव साझा किए। इन अनुभवों से सामने आया कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल, आजीविका के बेहतर अवसर और पर्यावरण संबंधी शिक्षा तक पहुंच किस तरह लोगों को अपने परिवारों और समुदायों में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम बना सकती है।

इस कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य), नई दिल्ली, श्री मधुर वर्मा, आईपीएस भी शामिल हुए। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई बीच में छोड़ चुके बच्चों और युवाओं को शिक्षा, खेल और कौशल विकास से जोड़ने के लिए कॉरपोरेट जगत से अधिक सहयोग की अपील की। उन्होंने साइबर अपराध की रोकथाम, ऑनलाइन धोखाधड़ी की समय पर रिपोर्टिंग और दिल्ली पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए की जा रही पहलों पर भी प्रकाश डाला।

सम्मेलन में मुख्य वक्तव्य देते हुए डॉ. के. राजेश्वर राव, आईएएस (सेवानिवृत्त) ने विकास के लिए लाभार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण से आगे बढ़कर समुदायों को सक्रिय भागीदार के रूप में मान्यता देने के महत्व पर जोर दिया। लोक प्रशासन के अपने अनुभवों के आधार पर उन्होंने समुदायों के साथ सार्थक परामर्श करने और उनकी प्रतिक्रिया को कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने में शामिल करने की जरूरत बताई। उन्होंने सामूहिक नेतृत्व विकसित करने, मिलकर निर्णय लेने को प्रोत्साहित करने और यह सुनिश्चित करने के महत्व पर भी बात की कि विकास संबंधी पहलें कार्यक्रमों के लिए मिलने वाली वित्तीय सहायता समाप्त होने के बाद भी जारी रहें।

सम्मेलन में एक पैनल चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसका संचालन डीसीएम श्रीराम फाउंडेशन की प्रेसिडेंट और डीसीएम श्रीराम लिमिटेड की कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस एवं सीएसआर प्रमुख अमन पन्नू ने किया। चर्चा में स्वतंत्र निदेशक और विश्व बैंक की पूर्व लीड स्पेशलिस्ट शबनम सिन्हा, रूम टू रीड ग्लोबल के वाइस प्रेसिडेंट सौरव बनर्जी और लीप 300 के सह-संस्थापक एवं चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर विनोद रघुवंशी शामिल हुए। इस दौरान सफल विकास पहलों को सरकार की भागीदारी, मजबूत संस्थाओं और आपसी सहयोग के माध्यम से व्यापक स्तर पर लागू करने तथा स्थानीय जरूरतों के अनुसार समाधान तैयार करने पर चर्चा हुई। साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और समावेशी एवं टिकाऊ विकास मॉडल तैयार करने के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

इसके अलावा, फ्लिपकार्ट ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट – कम्युनिकेशंस दिग्बिजय मिश्रा के संचालन में एक विशेष संवाद सत्र आयोजित हुआ। इसमें यूनिसेफ के युवाह (YuWaah) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अभिषेक गुप्ता और सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन की ट्रस्टी एवं एडवाइजरी बोर्ड सदस्य श्वेता शर्मा कुकरेजा शामिल हुए। चर्चा में युवाओं के समग्र विकास के महत्व पर जोर दिया गया। इसके तहत शिक्षा, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य और करियर संबंधी मार्गदर्शन को एक साथ जोड़ने की जरूरत बताई गई, ताकि युवाओं को सार्थक अवसर उपलब्ध हो सकें।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर और फ्लिपकार्ट फाउंडेशन के बोर्ड सदस्य रजनीश कुमार ने कहा, “भारत की विकास यात्रा ने दिखाया है कि आपसी सहयोग से समुदायों के लिए कितना कुछ किया जा सकता है। अब अगला कदम यह सुनिश्चित करना है कि ये प्रयास ऐसे बदलाव में तब्दील हों, जिनका प्रभाव अलग-अलग कार्यक्रमों के समाप्त होने के बाद भी बना रहे। इसके लिए मजबूत संस्थाओं का निर्माण करना होगा, सफल पहलों को अधिक से अधिक स्थानों तक पहुंचाना होगा और साझेदारों को साझा एवं दीर्घकालिक लक्ष्यों के लिए एकजुट करना होगा। ‘संपर्क’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य अलग-अलग दृष्टिकोणों और अनुभवों को एक मंच पर लाना है, ताकि इस संवाद को आगे बढ़ाया जा सके और अधिक समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सके।”

फाउंडेशन की अब तक की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए फ्लिपकार्ट फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर पूजा त्रिसाल ने कहा, “कौशल विकास, उद्यमिता के माध्यम से बाजारों तक बेहतर पहुंच, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में हमारे काम ने यह स्पष्ट किया है कि समुदायों की मौजूदा क्षमताओं को और विकसित करना और ऐसे अवसर पैदा करना कितना महत्वपूर्ण है, जो लंबे समय तक बने रह सकें। अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करते हुए हमने देखा है कि स्थानीय जानकारी, संस्थागत सहयोग और समुदायों की भागीदारी किस तरह विकास के बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करती है। आगे भी हमारा ध्यान सफल पहलों से सीखने, स्थानीय क्षमताओं को मजबूत करने और समुदायों को अपनी प्रगति की जिम्मेदारी अधिक सक्रियता से संभालने में सक्षम बनाने पर रहेगा। यह हमारे ‘बिल्डिंग इंडिया टुगेदर’ के संकल्प के अनुरूप है।”

कार्यक्रम के दौरान फ्लिपकार्ट फाउंडेशन ने अवसरों का विस्तार करने, सुविधाओं और संसाधनों से वंचित समुदायों को सशक्त बनाने तथा सहयोगात्मक पहलों के माध्यम से विकास को आगे बढ़ाने में योगदान देने वाले अपने एनजीओ साझेदारों को सम्मानित भी किया।