मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Business News

बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के बढ़ते ईको सिस्टम को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से ‘बॉब ग्रीन प्लग’ का शुभारंभ किया

इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए ₹5 करोड़ तक का फायनांस

WAf𝕏TGin✉🖨

उदयपुर : भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने देशभर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशनों, बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तथा संबंधित सुविधाओं की स्थापना एवं विस्तार को सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष फायनांस योजना ‘बॉब ग्रीन प्लग’ के शुभारंभ की घोषणा की।10 लाख रूपये से अधिक और 5 करोड़ रूपये तक के फायनांस की सुविधा के साथ इस योजना का उद्देश्य भारत में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के बढ़ते ईको सिस्टम को सहयोग प्रदान करना, स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना तथा संवहनीय फायनांस के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना है।

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की गति तेज होने के साथ-साथ एक सुदृढ़, सुलभ एवं विश्वसनीय चार्जिंग नेटवर्क की आवश्यकता लगातार बढ़ती जा रही है।

पीएम ई-ड्राइव जैसी सरकारी पहलों तथा उपभोक्ताओं द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते उपयोग से ईवी चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

इससे इलेक्ट्रिक वाहन ईको सिस्टम में व्यापक अवसर सृजित होंगे तथा स्वच्छ परिवहन की दिशा में भारत के ट्रांज़िशन को भी गति मिलेगी।

इस संबंध में, ‘बॉब ग्रीन प्लग’ का उद्देश्य भारत के इलेक्ट्रिक वाहन ईको सिस्टम से जुड़े व्यवसायों की फायनांस संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना है।

इस योजना के तहत नई सुविधाओं की स्थापना के साथ-साथ मौजूदा ईवी चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

यह योजना स्टार्टअप, ईवी चार्जिंग पॉइंट संचालकों, ईंधन स्टेशनों, फ्लीट ऑपरेटर्स, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, लॉजिस्टिक्स केंद्रों, आवासीय सोसाइटियों तथा अन्य संस्थाओं सहित विभिन्न प्रकार के एमएसएमई उधारकर्ताओं के लिए उपलब्ध है।

इसके तहत सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों, निजी/ स्व-उपयोग वाले चार्जिंग स्टेशनों, वाणिज्यिक ईवी चार्जिंग सुविधाओं तथा बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा।

योजना के शुभारंभ के अवसर पर श्री लाल सिंह, कार्यपालक निदेशक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रिक परिवहन की ओर ट्रांज़िशन के लिए ऐसी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता है, जो सुलभ, विश्वसनीय, व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य तथा व्यापक स्तर पर उपलब्ध हो।

इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ने के साथ-साथ ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने वाले व्यवसाय शहरों, राजमार्गों तथा प्रमुख वाणिज्यिक स्थानों पर इस नेटवर्क के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस क्षेत्र की बदलती वित्तीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, ‘बॉब ग्रीन प्लग’ व्यवहार्य चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग परियोजनाओं के लिए आवश्यकतानुसार फायनांस समाधान प्रदान करेगा।

यह योजना संवहनीय फायनांस तथा स्वच्छ परिवहन की दिशा में भारत की यात्रा को सहयोग प्रदान करने के प्रति बैंक ऑफ़ बड़ौदा की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करती है।

‘बॉब ग्रीन प्लग’ की प्रमुख विशेषताएं : सार्वजनिक ईवी चार्जिंग स्टेशनों, निजी/ स्व-उपयोग वाले चार्जिंग स्टेशनों, वाणिज्यिक ईवी चार्जिंग सुविधाओं, बैटरी स्वैपिंग केंद्रों तथा संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फायनांस।

पात्र परियोजनाओं के लिए 10 लाख रूपये से अधिक और 5 करोड़ रूपये तक की राशि का दीर्घावधि ऋण अथवा मांग ऋण।

ऋण राशि तथा उधारकर्ता की क्रेडिट रेटिंग के अनुरूप बैंक की बीआरएलएलआर, से संबद्ध 8.15% से 9.60% प्रतिवर्ष तक की प्रतिस्पर्धी ब्याज दरें।

12 माह तक की अधिस्थगन अवधि सहित 120 माह तक की ऋण चुकौती अवधि।

इस योजना के अंतर्गत रूफटॉप सौर ऊर्जा संचालित चार्जिंग स्टेशनों सहित नवीकरणीय ऊर्जा से इंटीग्रेटेड चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को भी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

कैफेटेरिया, यूटिलिटी सुविधाओं आदि जैसी सहायक सुविधाओं के लिए फायनांस कुल स्वीकृत ऋण राशि के 25% अथवा ₹1 करोड़, जो भी कम हो, तक सीमित रहेगा।

पात्र सुविधाओं को लागू दिशानिर्देशों के अधीन क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज़ (सीजीटीएमएसई) के अंतर्गत कवर किया जा सकता है।