मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 24 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

उदयपुर में 25 नवंबर को होगा भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह

देशभर के वेद विद्वानों, विद्यार्थियों और वेद संस्थानों को किया जाएगा सम्मानित, चार श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार

WAf𝕏TGin✉🖨
उदयपुर में 25 नवंबर को होगा भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह
1 / 2

उदयपुर। वैदिक ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वानों एवं संस्थानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से सिंघल फाउंडेशन, उदयपुर की ओर से प्रतिष्ठित **भारतात्मा वेद पुरस्कार समारोह** का आयोजन 25 नवंबर 2026 को उदयपुर में किया जाएगा।

स्वर्गीय श्री अशोकजी सिंघल की स्मृति में प्रदान किए जाने वाले इन पुरस्कारों के माध्यम से देशभर के उत्कृष्ट वेद विद्वानों, वेद विद्यार्थियों, वेद अध्यापकों और वेद संस्थानों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा।

भारतात्मा वेद पुरस्कार का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के महत्वपूर्ण आधार वैदिक ज्ञान को सुरक्षित रखने तथा इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए समर्पित साधकों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। यह पुरस्कार वैदिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

यह पुरस्कार प्रतिवर्ष चार विशिष्ट श्रेणियों में प्रदान किया जाता है।

इनमें **उत्तम वेद विद्यार्थी** को 3 लाख रुपये, **आदर्श वेदाध्यापक** को 5 लाख रुपये, **उत्तम वेदविद्यालय** को 7 लाख रुपये तथा **वेदार्पित जीवन पुरस्कार** के अंतर्गत 5 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाती है।

इन श्रेणियों के माध्यम से व्यक्तिगत अध्ययन एवं साधना से लेकर वेद शिक्षण और संस्थागत स्तर पर वैदिक परंपरा के संरक्षण तक के प्रयासों को सम्मानित किया जाता है।

वर्ष 2017 में स्थापित भारतात्मा वेद पुरस्कार का आयोजन प्रथम संस्करण से प्रतिवर्ष किया जा रहा है। वर्ष 2026 में इसका दसवां संस्करण आयोजित होगा। इस अवसर के लिए देशभर से आवेदन आमंत्रित किए गए थे, ताकि वैदिक अध्ययन, शिक्षण और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं संस्थानों को सम्मानित किया जा सके।

इस वर्ष पुरस्कार वितरण समारोह **25 नवंबर 2026 को शाम 5:30 बजे आर.एन.टी. मेडिकल कॉलेज सभागार, उदयपुर** में आयोजित होगा। समारोह में संत श्री गोविन्ददेव गिरिजी का सान्निध्य प्राप्त होगा। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजन का व्यापक उद्देश्य वैदिक ज्ञान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति समाज में सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही, वैदिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे विद्वानों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थानों को प्रोत्साहन देकर इस ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती देना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।