कुलपति प्रो. मंजू मंडोत के निर्देशन में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने साझा किए चिकित्सकीय अनुभव उदयपुर, जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय) की संघटक इकाई राजस्थान विद्यापीठ होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, डबोक तथा हैनिमैनियन होमियो फोरम (HHF), राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय होम्योपैथिक संगोष्ठी ‘उदय–2026’ का रविवार को सफल समापन हुआ।
विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग के सभागार में आयोजित संगोष्ठी में राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से 282 चिकित्सकों, विशेषज्ञों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं कुलप्रमुख श्रीयुत बी.एल. गुर्जर के संरक्षण तथा कुलपति प्रो. डॉ. मंजू मंडोत के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्देश्य होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा में अकादमिक गुणवत्ता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान एवं व्यावहारिक चिकित्सा ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा।
संगोष्ठी के प्रथम दिन रिपर्टरी के माइंड सेक्शन के माध्यम से रोगी की मानसिक एवं भावनात्मक स्थिति को समझने तथा द्वितीय दिन जटिल पैथोलॉजिकल रोगों के होम्योपैथिक उपचार संबंधी दृष्टिकोण पर विशेषज्ञों ने विस्तृत विचार-विमर्श किया।
प्रमुख विशेषज्ञ वक्ता एवं HHF Academy, मुंबई के निदेशक एवं मार्गदर्शक डॉ. गोपीनाथ मेनन एवं डॉ. अमोल राणे ने वास्तविक क्लिनिकल उदाहरणों एवं केस स्टडी के माध्यम से रोगी के व्यक्तित्व, मानसिक प्रवृत्तियों तथा व्यवहारगत विशेषताओं के विश्लेषण पर प्रकाश डाला। साथ ही निःसंतानता सहित विभिन्न जटिल रोग स्थितियों के नैदानिक अध्ययन एवं होम्योपैथिक उपचार संबंधी पहलुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कुलपति प्रो. डॉ. मंजू मंडोत ने अपने संदेश में चिकित्सा शिक्षा को अनुसंधान, नवाचार एवं व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन विद्यार्थियों एवं युवा चिकित्सकों को विशेषज्ञों के अनुभवों से सीखने तथा नवीन अकादमिक दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
संगोष्ठी के सफल आयोजन में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. लिली जैन, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. बबीता रशीद, संगोष्ठी संयोजक प्रो. डॉ. राजन सिंह सूद एवं समन्वयक डॉ. प्रियंका कोठारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन की व्यवस्थाओं एवं प्रबंधन में HHF राजस्थान की टीम के डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. राकेश एवं डॉ. काजल वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। डॉ. काजल वर्मा ने आयोजन से जुड़े सहयोगियों एवं सदस्यों को स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके योगदान का सम्मान किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन डॉ. हिमानी जैन एवं डॉ. तराशी शर्मा ने किया।
समापन सत्र में संगोष्ठी समन्वयक डॉ. प्रियंका कोठारी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन, आमंत्रित विशेषज्ञों, HHF टीम, आयोजन समिति, प्राध्यापकों, चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘उदय–2026’ होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा में ज्ञान, शोध, चिकित्सकीय अनुभवों के आदान-प्रदान एवं अकादमिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।
