मुख्य सामग्री पर जाएँ
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Headlines

पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राजस्थान को मिला राष्ट्रीय सम्मान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के आर्थिक

WAf𝕏TGin✉🖨
पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राजस्थान को मिला राष्ट्रीय सम्मान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से राजस्थान को प्रतिष्ठित 'स्वनिधि सम्मान अवॉर्ड-2026' प्रदान किया गया।

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में शुक्रवार को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने राजस्थान को यह सम्मान प्रदान किया। राजस्थान सरकार की ओर से आईएएस श्री प्रतीक चंद्रशेखर ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।

यह सम्मान राजस्थान में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने, उनके वित्तीय समावेशन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने तथा उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।

छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 1 जून 2020 को शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके अंतर्गत ऋण की तीनों किस्तों की राशि में वृद्धि, पात्र लाभार्थियों के लिए 30 हजार रुपये तक की सीमा वाला यूपीआई आधारित रुपे क्रेडिट कार्ड तथा योजना का भौगोलिक दायरा बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 'स्वनिधि से समृद्धि' पहल के माध्यम से लाभार्थियों एवं उनके परिवारों को केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

राजस्थान को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदेश में शहरी आजीविका संवर्धन, छोटे कारोबारियों के आर्थिक सशक्तीकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण प्रतिफल है।