मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 24 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Business News

बैंककर्मियों का प्रदर्शन आज, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह समेत मांगों को लेकर आंदोलन तेज

उदयपुर। बैंकिंग क्षेत्र की लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का आंदोलन तेज हो गया है।

WAf𝕏TGin🖨

उदयपुर। बैंकिंग क्षेत्र की लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का आंदोलन तेज हो गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर गुरुवार, 24 सितंबर को शाम 5:30 बजे पंजाब नेशनल बैंक की टाउन हॉल शाखा के बाहर बैंककर्मी प्रदर्शन करेंगे।

UFBU संयोजक डी. के. जैन ने बताया कि यह प्रदर्शन प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले अंतिम चेतावनी प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया जा रहा है। बैंक संगठनों के अनुसार पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर लंबे समय से वार्ता और प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह तत्काल लागू करना, पीएलआई (Performance Linked Incentive) के मुद्दे पर वार्ता शुरू करना और रेजीडुअल इश्यूज का शीघ्र समाधान करना शामिल है।

जैन ने कहा कि लंबित मांगों पर टालमटोल के विरोध में बैंक कर्मचारी और अधिकारी एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे तथा सरकार और संबंधित पक्षों के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। उन्होंने सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से गुरुवार शाम 5:30 बजे प्रदर्शन स्थल पर समय पर पहुंचने और कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

प्रदर्शन के दौरान बैंककर्मी “पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करो”, “पीएलआई पर वार्ता करो” और “रेजीडुअल इश्यूज पर टालमटोल बंद करो” जैसे नारों के माध्यम से अपनी मांगें उठाएंगे।

UFBU के अनुसार, यदि मांगों के समाधान के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो संगठन अपने पूर्व निर्धारित आंदोलन कार्यक्रम के तहत अनिश्चितकालीन हड़ताल की दिशा में आगे बढ़ेगा।