शक्ति की आराधना के पावन पर्व दुर्गाष्टमी और महानवमी एवं विजयदशमी से एक दिन पूर्व राजस्थान की दो बेटियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और अदम्य संकल्प से देश का मस्तक गर्व से ऊंचा कर दिया है ।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में सीकर की मोना अग्रवाल और जयपुर की अवनि लेखरा ने महिला निशानेबाजी की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। दोनों ने शानदार प्रदर्शन के साथ भारत को पहला दोहरा पदक दिलाया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने भारत को प्रतियोगिता के पहले दिन ही एक ही स्पर्धा में दो पदक दिलाए।
यह संयोग भारतीय संस्कृति के उस शाश्वत संदेश को भी रेखांकित करता है, जिसमें नारी को शक्ति, साहस और सृजन का प्रतीक माना गया है। जिस समय देश शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना कर रहा है, उसी समय राजस्थान की इन बेटियों ने अपने असाधारण प्रदर्शन से संकल्प और आत्मविश्वास की जीवंत मिसाल पेश की।
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के सीकर जिले की मोना अग्रवाल ने महिला निशानेबाजी की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा के फाइनल में 250.0 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उनके इस शानदार प्रदर्शन ने एशियाई पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में भी उन्होंने 629.1 अंक हासिल कर नया गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया था।
मोना ने अपने ही प्रदेश जयपुर की अवनि लेखरा को महज 0.4 अंक से पीछे छोड़ते हुए यह स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। वहीं, अवनि लेखरा ने 249.6 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
वर्ष 2022 के हांगझोऊ एशियाई पैरा गेम्स में इसी स्पर्धा का स्वर्ण जीत चुकीं अवनि ने एक बार फिर अपनी निरंतरता और विश्वस्तरीय क्षमता का परिचय दिया।टोक्यो-2020 और पेरिस-2024 पैरालंपिक खेलों में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली अवनि की यह उपलब्धि भी कम प्रेरणादायक नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। मोना की सराहना करते हुए उन्होंने उनके प्रदर्शन को रिकॉर्ड बनाने वाली उल्लेखनीय उपलब्धि बताया और उनकी सटीकता, दृढ़ संकल्प तथा धैर्य की प्रशंसा की। अवनि को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने उनके शानदार स्कोर, निरंतरता और संकल्प की सराहना की तथा भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सोशल हैंडल पर लिखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एशियाई पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर मोना अग्रवाल को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एशियाई पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बनाया है, जिससे भारत का पहला दिन और भी विशिष्ट हो गया है।
उन्होंने उनकी सटीकता, दृढ़ संकल्प और संयम की सराहना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं में उनकी निरंतर सफलता की कामना की।
इसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर अवनी लेखारा को बधाई दी।मोदी ने उनके शानदार स्कोर, निरंतरता और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन देश को गौरवान्वित करता रहा है।
उन्होंने उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भी राजस्थान की इन दोनों बेटियों को उनकी शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी है ।
मोना और अवनि की सफलता केवल दो पदकों की कहानी नहीं है। यह उस भारत की तस्वीर है, जहां शारीरिक चुनौतियां प्रतिभा के मार्ग में अंतिम बाधा नहीं बन सकतीं और दृढ़ इच्छाशक्ति असंभव को संभव बना सकती है।
दुर्गाष्टमी और महानवमी के पावन दिनों में राजस्थान की इन बेटियों की उपलब्धि हर परिवार, हर युवा और हर खिलाड़ी को प्रेरित करती है। इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता राजस्थान की बेटियों की प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में बढ़ती पहचान का प्रेरक उदाहरण है। सीकर से जयपुर तक और राजस्थान से पूरे देश तक, उनकी सफलता का संदेश स्पष्ट है—*हौसले बुलंद हों तो प्रतिभा की उड़ान को कोई सीमा नहीं रोक सकती।*
