उदयपुर, समाज के विभिन्न वर्गों में एक्यूप्रेशर तकनीकों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने एवं लोगों को विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं में एक्यूप्रेशर के उपयोग की जानकारी देने के लिए डॉ. अल्पना बोहरा को सम्मानित किया गया।
15 सितंबर 2026 को उदयपुर में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री एवं राम तेरी गंगा मैली फिल्म की अभिनेत्री मंदाकिनी ने डॉ. अल्पना बोहरा को उनके उल्लेखनीय सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया।
डॉ. बोहरा पिछले कई वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच एक्यूप्रेशर तकनीकों के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता के लिए कार्य कर रही हैं। उनके द्वारा विभिन्न सामाजिक समूहों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों तथा अन्य वर्गों के लिए निःशुल्क एक्यूप्रेशर शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
इन शिविरों में लोगों को सिरदर्द, माइग्रेन, गैस, एसिडिटी, कब्ज, जोड़ों के दर्द, तनाव सहित विभिन्न सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित एक्यूप्रेशर बिंदुओं की जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाता है। उनका उद्देश्य सरल एवं सहज एक्यूप्रेशर तकनीकों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य के प्रति उन्हें अधिक सजग बनाना है।
डॉ. अल्पना बोहरा रिमोट सेंसिंग एवं भूगोल सूचना प्रणाली में डॉक्टरेट हैं तथा वे रोल्टा इंडिया लिमिटेड, मुम्बई , की पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष रह चुकी हैं।
इसके साथ ही वे एक्यूप्रेशर थेरेपिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी सक्रिय हैं तथा उपभोक्ता सुरक्षा संगठन , महिला प्रकोष्ठ उदयपुर जिले की अध्यक्ष हैं।
मंदाकिनी के हाथों मिला यह सम्मान डॉ. अल्पना बोहरा के निरंतर सेवा कार्यों और समाज के विभिन्न वर्गों तक एक्यूप्रेशर जागरूकता पहुंचाने के प्रयासों की एक महत्वपूर्ण पहचान है।
सम्मान प्राप्त होने पर उन्होंने भविष्य में भी निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं एक्यूप्रेशर शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के संकल्प को दोहराया।
