उदयपुर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत महाराणा प्रताप कृषि एवम प्रौद्योगिकी विश्व विद्यालय, उदयपुर के संघटक सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की ऑफलाइन एवं माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. विक्रमादित्य दवे ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। आज आवश्यकता है कि हम नशे के विरुद्ध केवल बात ही न करें, बल्कि स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की डीन डॉ. सरला लखावत ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सकारात्मक सोच की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की डॉ. रेनू मोगरा, डॉ. विशखा सिंह (ADSW), डॉ. रूपल बेबल, डॉ. हेमू राठौर, डॉ. सुमित्रा मीणा, अतिथि शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित थे I कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रोग्राम अधिकारी डॉ. मोनिका राय के द्वारा किया गया I कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
