मुख्य सामग्री पर जाएँ
मंगलवार, 22 सितंबर 2026 उदयपुर · 29°C
National News

रेलवे सुरक्षा बल, दिल्ली मंडल की टीम द्वारा लैपटॉप चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध आरोपी चोरी के लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों गिरफ्तार

WAf𝕏TGin🖨
रेलवे सुरक्षा बल, दिल्ली मंडल की टीम द्वारा लैपटॉप चोरी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली । यात्रियों के सामान, विशेषकर लैपटॉप बैग की चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए रेलवे सुरक्षा बल, दिल्ली मंडल ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर निरंतर सी.सी.टी.वी. निगरानी एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एक संदिग्ध लैपटॉप चोर को चोरी के एक लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया।उत्तर रेवले के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों तथा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से लैपटॉप बैग चोरी होने संबंधी कई शिकायतें रेल मदद/139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हुई थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल, दिल्ली मंडल द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया।

गठित टीमों द्वारा नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध सी.सी.टी.वी. फुटेज का लगातार एवं गहन विश्लेषण किया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों एवं व्यक्तियों की निगरानी की गई।

सी.सी.टी.वी. निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई।

इसके पश्चात रेलवे सुरक्षा बल टीमों द्वारा उसकी लगातार निगरानी करते हुए उसे पकड़ने के लिए व्यापक प्रयास किए गए।चोरी के लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों गिरफ्तारी दिनांक 20 सितम्बर 2026 को रेलवे सुरक्षा बल की टीमों ने सफलतापूर्वक संदिग्ध व्यक्ति को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर एक लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नामः शादाब पुत्र शमशाद, उम्र लगभग 25 वर्ष निवासीः ग्राम/पोस्ट/थाना मुंडाली, जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति को बरामद संपत्ति सहित आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जी.आर.पी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सुपुर्द कर दिया गया।

इस संबंध में ई-एफ.आई.आर. संख्या. 80079767/26 यूएटदीरेटएस 303(2)/317/2 बी.एन.एस. दिनांक 20.09.2026 के तहत कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ एवं कथित खुलासे के दौरान आरोपी ने लैपटॉप चोरी की लगभग 12-15 घटनाओं में संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी तथा बताया कि चोरी किए गए लैपटॉप उसने सिल्वर इंपेक्ट शॉप निर्माण विहार में बेचे थे।प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जी.आर.पी. एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम द्वारा उक्त दुकान पर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा वहां से कुल 11 लैपटॉप बरामद किए गए।

बरामद लैपटॉप के सीरियल नंबर एवं उपलब्ध संपत्ति विवरण के सत्यापन के दौरान 03 लैपटॉप संबंधित ई-एफ.आई.आर. में दर्ज संपत्ति के विवरण से मेल खाते पाए गए।

शेष 08 लैपटॉप को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 103, जहां लागू हो, के अंतर्गत कब्जे में लिया गया है। इन लैपटॉप के स्वामित्व एवं किसी अन्य प्रकरण से संबंध की पुष्टि हेतु सत्यापन किया जा रहा है।

शेष बरामद लैपटॉपों का अन्य दर्ज चोरी के मामलों से संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच एवं सत्यापन जारी है।यह कार्रवाई सी.सी.टी.वी. आधारित निगरानी, यात्री अपराध संबंधी शिकायतों के व्यवस्थित विश्लेषण, सूचना संकलन एवं रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की प्रभावशीलता को दर्शाती है।

ऑपरेशन की शुरुआत रेल मदद/139 के माध्यम से प्राप्त यात्री शिकायतों के विश्लेषण से हुई। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कर उस पर लगातार निगरानी रखी गई और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया।

इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप न केवल संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया गया, बल्कि उसकी निशानदेही पर 11 लैपटॉप की बरामदगी भी संभव हुई, जिनमें से 03 लैपटॉप संबंधित ई-एफ.आई.आर. से जुड़े पाए गए।

शेष लैपटॉपों के संबंध में सत्यापन की कार्रवाई जारी है।

दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने इस सफल कार्रवाई में शामिल रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एवं उनके सामान की सुरक्षा रेलवे सुरक्षा बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने मूल्यवान सामान एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रति सतर्क रहें।

किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या को रेल मदद/139 ओर निकटतम रेलवे सुरक्षा बल/जी.आर.पी कर्मियों को सूचित करें।