उदयपुर, झीलों की नगरी उदयपुर में संगीत और सुरों की मधुरता से सराबोर ‘सुरीला उदयपुर संगीत समूह’ का ‘पसंद अपनी अपनी’ गीतों का कार्यक्रम शनिवार शाम होटल रिलेक्स इन में शानदार तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 40 सुर साधकों और कुछ संगीत प्रेमी श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने अपने मनपसंद गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समूह संयोजिका मधु केवल्या एवं अन्य सदस्यों द्वारा मां शारदा के समक्ष नमन और माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात संगीत प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें एक से बढ़कर एक सुर साधकों ने अपनी मधुर आवाज में पसंदीदा गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लंबे समय तक चले इस संगीतमय आयोजन में पूरे समय उत्साह, उमंग और मनोरंजन का माहौल बना रहा। प्रत्येक प्रस्तुति पर उपस्थित सदस्यों और श्रोताओं ने आनंद व्यक्त किया। संगीत के प्रति सदस्यों का लगाव और आपसी आत्मीयता कार्यक्रम की विशेषता रही।
समूह के कैलाश केवल्या ने सभी सदस्यों की गीत प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनकी मधुर आवाज एवं शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की।
‘सुरीला उदयपुर’ के सुर साधक अपने गीतों की मिठास से हर आयोजन को संगीतमय बना देते हैं। पिछले कार्यक्रम की तरह इस बार भी सदस्यों ने निर्धारित समय में भरपूर आनंद लेते हुए संगीत के प्रति अपने प्रेम और उत्साह का परिचय दिया। मनपसंद गीतों की इस शाम ने सभी के लिए यादगार संगीतमय पल संजो दिए।
