उदयपुर। रोटरी क्लब उदयपुर की ओर से रानी रोड स्थित रोटरी बजाज भवन में आयोजित तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ। प्रतिदिन शाम 6 से रात 11 बजे तक आयोजित गरबा एवं डांडिया रास में 3000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर उत्सव का आनंद लिया।
क्लब अध्यक्ष श्रीचंद खथुरिया ने बताया कि महोत्सव के दौरान रोटरी बजाज भवन रंग-बिरंगी रोशनी, पारंपरिक परिधानों और गरबा-डांडिया की मधुर धुनों से सराबोर नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे महिला-पुरुषों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ गरबा एवं डांडिया रास किया। संगीत की लय पर थिरकते कदमों और सामूहिक नृत्य ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। तीनों दिन प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
क्लब सचिव रोटेरियन दुष्यंत सोमानी ने बताया कि आयोजन के दौरान विभिन्न श्रेणियों में 200 पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कारों के माध्यम से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। महोत्सव ने सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ शहरवासियों को आपसी मेलजोल और सामूहिक उल्लास का अवसर भी प्रदान किया।
कार्यक्रम संयेाजक डी.पी.धाकड़ ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। गरबा-डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच महोत्सव का समापन उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
