उदयपुर। हिरण मगरी सेक्टर-4 स्थित ब्राह्मण समाज सेवा समिति में चल रहे दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत महासप्तमी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।समिति के अध्यक्ष डॉ. दीपांकर चक्रवर्ती ने बताया कि महासप्तमी के दिन प्रातः काल नवपत्रिका प्रवेश एवं सप्तमी पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठान आरंभ हुए।
इसके बाद विधि-विधान से बलिदान की रस्म पूरी की गई। पूजा के उपरांत पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा सामूहिक भोग प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।सायंकाल संध्या आरती के पश्चात एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।
डॉ. चक्रवर्ती ने जानकारी दी कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने बंगाली और हिंदी गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अगले क्रम में 18 अक्टूबर को महाअष्टमी के पावन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
