उदयपुर, मेवाड़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उदयपुर से असरवा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस अब सूरत तक जाएगी। रेल मंत्रालय ने ट्रेन के विस्तार को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन उदयपुर से सूरत तक संचालित होगी।
वंदे भारत के सूरत तक विस्तार से उदयपुर और पूरे मेवाड़ क्षेत्र की गुजरात से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इसका सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जो व्यापार, रोजगार और अन्य कार्यों के सिलसिले में नियमित रूप से सूरत आते-जाते हैं।
लंबे समय से थी सीधी ट्रेन की मांग
उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने वंदे भारत को सूरत तक विस्तारित करने की मंजूरी पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेवाड़वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है।
सांसद ने बताया कि उन्होंने रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान मेवाड़ की रेल आवश्यकताओं और यात्रियों को सूरत तक पहुंचने में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया था। इसके बाद मंत्रालय ने इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
उदयपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग व्यापार और रोजगार के लिए सूरत जाते हैं। वर्तमान में यात्रियों को कई बार बस या अन्य साधनों से सूरत पहुंचकर आगे की रेल यात्रा करनी पड़ती है। कनेक्टिविटी और समय के तालमेल की समस्या के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वंदे भारत के सीधे सूरत तक पहुंचने से यात्रियों को तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। साथ ही सूरत के जरिए दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों तक आगे की रेल कनेक्टिविटी का लाभ भी मिल सकेगा।
मेवाड़ की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार
सूरत तक वंदे भारत का विस्तार मेवाड़ की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ उदयपुर और सूरत के बीच व्यापारिक गतिविधियों, रोजगार और आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
