उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर के संघटक कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई) के इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल एवं अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले देश के प्रतिष्ठित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 (SIH-2026) की आंतरिक स्क्रीनिंग का आयोजन मंगलवार, 01 सितंबर 2026 किया गया।
इस आयोजन में भारत सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों एवं संस्थानों द्वारा आमजन के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर आधारित नवाचारी समाधान विकसित करने के लिए चुनौतीपूर्ण समस्याएं प्रस्तुत की जाती हैं। सीटीएई की टीमें इस प्रतियोगिता में प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर दोनों डोमेन में राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उल्लेखनीय स्थान हासिल करती रही हैं।
स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के सीटीएई के एसपीओसी (SPOC) एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. नवनीत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष भारत सरकार द्वारा कुल 34 थीम्स के अंतर्गत 176 सॉफ्टवेयर एवं 55 हार्डवेयर श्रेणियों में समस्या विवरण उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें DRDO, ग्रामीण विकास मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, Qualcomm सहित विभिन्न संस्थानों द्वारा आपदा प्रबंधन, स्मार्ट ऑटोमेशन, बायोटेक एवं हेल्थ टेक्नोलॉजी, स्पेस टेक्नोलॉजी, स्मार्ट एजुकेशन आदि क्षेत्रों से संबंधित समस्याएं शामिल हैं। सीटीएई के विद्यार्थी इन समस्याओं के समाधान के लिए नवीन, रचनात्मक एवं विशिष्ट दृष्टिकोण अपनाते हुए कार्य करेंगे।
इस वर्ष सीटीएई से कुल 16 टीमों ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 की आंतरिक स्क्रीनिंग में भाग लिया। प्रत्येक टीम में छह सदस्य हैं। SIH-2026 के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी टीमों द्वारा अपने चयनित समस्या विवरण पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए, जिनका मूल्यांकन निर्धारित मापदंडों के आधार पर जूरी सदस्यों द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की टीमों ने कृषि, खाद्य एवं ग्रामीण प्रबंधन, स्मार्ट एजुकेशन, शहरी यातायात प्रबंधन प्रणाली, ब्लॉकचेन एवं साइबर सिक्योरिटी, फिटनेस एवं स्पोर्ट्स, मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी, हेल्थ टेक्नोलॉजी तथा स्मार्ट एवं प्रोटेक्टिव इरिगेशन सहित विभिन्न विषयों पर अपने नवाचारी समाधान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में डॉ. नवनीत अग्रवाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग; डॉ. बलराम शर्मा, सहायक प्रोफेसर, डॉ. गौरव वशिष्ठ, डॉ. शैफाली जैन, डॉ. आदित्य कच्छावा, तथा डॉ. रश्मि सुथार ने जूरी सदस्यों के रूप में सभी टीमों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार मूल्यांकन किया तथा उत्कृष्ट टीमों का अगले चरण के लिए चयन किया।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह एवं कॉलेज अधिष्ठाता डॉ. विनोद कुमार यादव ने सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं। आंतरिक स्क्रीनिंग में चयनित टीमें राष्ट्रीय स्तर पर सीटीएई का प्रतिनिधित्व करेंगी। स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन-2026 के अंतर्गत विभिन्न थीम्स में चयनित विजेता टीमों को संबंधित हार्डवेयर एवं सॉफ्टवेयर श्रेणियों में भारत सरकार द्वारा ₹1 लाख तक के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
