उदयपुर। अलख नयन मंदिर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एल.एस. झाला लंदन में 11 से 14 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूरोपियन सोसायटी ऑफ कैटरेक्ट एंड रिफ्रेक्टिव सर्जन्स (ESCRS) इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निदेशक लक्ष्मी झाला ने बताया कि सम्मेलन के दौरान डॉ. झाला दक्षिण राजस्थान में अंधता निवारण के लिए किए जा रहे प्रयासों, आधुनिक ऑपरेशन तकनीकों, नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में हुए नवीन विकास तथा अनुसंधान पर आधारित शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
डॉ. झाला ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दुनिया भर से करीब 8,000 से 10,000 नेत्र चिकित्सकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में मोतियाबिंद सर्जरी में उपयोग होने वाली अत्याधुनिक मशीनों, नई तकनीकों और नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम विकास पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
इसके अलावा, नेत्र रोगों से जुड़ी जटिलताओं के समाधान, बेहतर सर्जिकल परिणाम और उपचार की नई संभावनाओं को लेकर किए जा रहे नवीन शोध पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे।
डॉ. झाला द्वारा प्रस्तुत शोधपत्र के माध्यम से दक्षिण राजस्थान में नेत्र चिकित्सा, अंधता निवारण और आधुनिक उपचार तकनीकों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया जाएगा।
