मुख्य सामग्री पर जाएँ
गुरुवार, 26 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
National News

*भारत के संविधान की 76 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और 106 संविधान संशोधन*

*संविधान की मूल भावना से विकसित भारत के संकल्प तक की यात्रा**लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और परिवर्तन की ऐतिहासिक गाथा*-वासुदेव देवनानी-भारतीय संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के स्वाभिमान और अस

WAf𝕏TGin✉🖨
*भारत के संविधान की 76 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और 106 संविधान संशोधन*

*संविधान की मूल भावना से विकसित भारत के संकल्प तक की यात्रा* *लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता और परिवर्तन की ऐतिहासिक गाथा* -वासुदेव देवनानी- भारतीय संविधान विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के स्वाभिमान और अस्मिता की पवित्र पाण्डुलिपि है।

हमारे देश का संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की आत्मा, लोकतांत्रिक चेतना, स्वतंत्रता का मूल्य और करोड़ों नागरिकों के भविष्य का विश्वास है।

यह संविधान एक ओर हमें कई अधिकार देता है, तो दूसरी तरफ़ हमें अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है, यह सत्ता को मर्यादित करता है और राष्ट्र को न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता के आदर्शों पर आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है।

भारत का संविधान विश्व के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक है, जिसकी विशेषता केवल व्यापकता नहीं, बल्कि इसमें समय के अनुरूप परिवर्तन स्वीकार करने की अद्भुत क्षमता भी है।

26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत का संविधान अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया गया। 26 जनवरी 1950 को इसके लागू होने के साथ ही भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना।

संविधान निर्माण की प्रक्रिया में डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान सभा के अनेक सदस्यों ने जिस दूरदृष्टि, विचारशीलता और राष्ट्रभाव का परिचय दिया, उसने भारत को लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार प्रदान किया।

संविधान निर्माताओं ने ऐसी व्यवस्था बनाई, जिसमें विविध भाषाओं, धर्मों, संस्कृतियों, परंपराओं और सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद प्रत्येक नागरिक एक समान राष्ट्रीय पहचान के साथ आगे बढ़ सके।

भारतीय संविधान की 76 वर्षों से भी अधिक समय की यह गौरवशाली यात्रा केवल उसकी मूल संरचना तक सीमित नहीं है। समय, काल परिस्थितियों, सामाजिक और आर्थिक हालातों और राष्ट्र की आवश्यकताओं के अनुरूप इसमें अब तक 106 संविधान संशोधन किए जा चुके हैं। यह संख्या संविधान की जीवंतता, लोकतांत्रिक विकास और परिवर्तनशील भारत की संवैधानिक चेतना का प्रमाण है।

*संविधान संशोधन : परिवर्तन और प्रगति का संवैधानिक मार्ग* संविधान का अनुच्छेद 368 संसद को संविधान संशोधन की शक्ति प्रदान करता है। यह शक्ति राष्ट्र की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने का माध्यम है, लेकिन इसकी भी संवैधानिक मर्यादा है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रतिपादित मूल संरचना सिद्धांत स्पष्ट करता है कि संसद संविधान में परिवर्तन कर सकती है, लेकिन उसकी मूल आत्मा को नष्ट नहीं कर सकती।

प्रथम संविधान संशोधन, 1951 ने भूमि सुधारों और सामाजिक परिवर्तन को संवैधानिक संरक्षण प्रदान किया। सातवें संशोधन, 1956 ने राज्यों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को नई दिशा दी।

24वें संशोधन ने संसद की संविधान संशोधन शक्ति को स्पष्ट किया।

42वाँ संशोधन, 1976 भारतीय संवैधानिक इतिहास का व्यापक परिवर्तनकारी अध्याय रहा, जिसके माध्यम से प्रस्तावना में समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखंडता संबंधी शब्द जोड़े गए तथा नागरिकों के मूल कर्तव्यों को संविधान में शामिल किया गया।

आपातकाल के बाद 44वें संशोधन, 1978 ने नागरिक स्वतंत्रताओं और लोकतांत्रिक सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए।

इस संविधान संशोधन ने यह सुनिश्चित किया कि सत्ता में किसी भी पार्टी का राज क्यों न आ जाए लेकिन भविष्य में कोई सरकार इमरजेंसी यानी आपातकाल जैसे कदम उठा कर लोकतन्त्र का हनन नहीं कर पायेगी ।

संविधान संशोधनों की श्रृंखला में 52वें संशोधन से दल-बदल विरोधी कानून लागू हुआ, 61वें संशोधन से मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई तथा 73वें और 74वें संशोधन से पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक दर्जा देकर लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक पहुंचाया गया। 86वें संविधान संशोधन ने 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाया। इन परिवर्तनों ने संविधान को आम नागरिक के जीवन से अधिक गहराई से जोड़ा।

*अटल बिहारी वाजपेयी का कार्यकाल : शिक्षा, सामाजिक समावेशन और राजनीतिक स्थिरता* पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कार्यकाल संवैधानिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।

उनके नेतृत्व में शिक्षा, राजनीतिक स्थिरता, सामाजिक प्रतिनिधित्व और भाषाई सम्मान से संबंधित कई महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए। 86वाँ संविधान संशोधन, 2002 शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम था।

अनुच्छेद 21-क के माध्यम से 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाया गया।

यह निर्णय केवल शिक्षा नीति का परिवर्तन नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को समान अवसर, सामाजिक न्याय और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का राष्ट्रीय संकल्प था।

91वें संविधान संशोधन, 2003 ने मंत्रिपरिषद के आकार पर सीमा निर्धारित कर राजनीतिक स्थिरता, जवाबदेही और शासन में मर्यादा स्थापित करने का प्रयास किया।

दल-बदल संबंधी प्रावधानों को भी अधिक प्रभावी बनाया गया। 92वें संविधान संशोधन के माध्यम से बोडो, डोगरी, मैथिली और संथाली भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया।

यह भाषाई विविधता, सांस्कृतिक पहचान और भारतीय परंपराओं के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।

अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल की संवैधानिक दृष्टि में लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, सामाजिक समावेशन और राष्ट्र की विविधता को स्वीकार करते हुए एकता स्थापित करने का भाव प्रमुख था। उनके दौर के संशोधनों ने शिक्षा, राजनीतिक व्यवस्था और भाषाई अधिकारों को संवैधानिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ा।

*नरेंद्र मोदी का नेतृत्व : संवैधानिक विकास और नए भारत के परिवर्तनकारी अध्याय* वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संवैधानिक यात्रा में अनेक महत्वपूर्ण पड़ाव जुड़े।

राष्ट्रीय एकीकरण, आर्थिक संघवाद, सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकार, महिला सशक्तीकरण और प्रतिनिधित्व से संबंधित विषयों पर संसद ने महत्वपूर्ण संवैधानिक परिवर्तन किए।

99वाँ संविधान संशोधन राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग की स्थापना से संबंधित था, जिसका उद्देश्य न्यायाधीशों की नियुक्ति प्रक्रिया में व्यापक संस्थागत भागीदारी सुनिश्चित करना था।

हालांकि सर्वोच्च न्यायालय ने 2015 में इसे असंवैधानिक घोषित कर दिया। यह निर्णय संसद की संशोधन शक्ति और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के बीच संवैधानिक संतुलन का महत्वपूर्ण उदाहरण बना।

100वाँ संविधान संशोधन, 2015 भारत-बांग्लादेश भूमि सीमा समझौते के क्रियान्वयन से संबंधित था।

सीमा क्षेत्रों में एन्क्लेव की समस्या और लंबे समय से चली आ रही नागरिक कठिनाइयों का समाधान कर राष्ट्रीय एकीकरण तथा सीमावर्ती नागरिकों को स्थिरता प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया।

101वाँ संविधान संशोधन, 2016 वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी लागू करने का संवैधानिक आधार बना। इसने देश की अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन करते हुए केंद्र और राज्यों के बीच साझा आर्थिक व्यवस्था को संस्थागत स्वरूप दिया।

जीएसटी परिषद सहकारी संघवाद का महत्वपूर्ण मंच बनी, जहां केंद्र और राज्य मिलकर कर नीति और आर्थिक व्यवस्था से संबंधित निर्णय लेते हैं। यह एक साझा राष्ट्रीय बाजार और आर्थिक एकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल थी।

102वें संविधान संशोधन, 2018 के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया। 103वें संशोधन, 2019 ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए अधिकतम 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया।

यह आर्थिक आधार पर अवसरों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने 2022 में बहुमत से वैध माना।104वें संविधान संशोधन ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में अनुसूचित जातियों तथा अनुसूचित जनजातियों के आरक्षण की अवधि 2030 तक बढ़ाई, जबकि एंग्लो-इंडियन समुदाय के नामांकन की विशेष व्यवस्था को आगे जारी नहीं रखा गया।105वें संविधान संशोधन, 2021 ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अपने प्रयोजनों के लिए सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों की सूची तैयार करने की शक्ति स्पष्ट रूप से पुनर्स्थापित की।

यह संघीय व्यवस्था, सामाजिक न्याय और राज्यों की क्षेत्रीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।106वाँ संविधान संशोधन, 2023 अर्थात नारी शक्ति वंदन अधिनियम, भारतीय लोकतंत्र में महिला प्रतिनिधित्व की दिशा में ऐतिहासिक परिवर्तन है।

इसके अंतर्गत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए लगभग एक-तिहाई सीटों के आरक्षण का प्रावधान किया गया।

यह महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी, नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की दिशा में दूरगामी संवैधानिक पहल है।हालांकि इसका वास्तविक क्रियान्वयन निर्धारित जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़ा है।

*अनुच्छेद 370 : राष्ट्रीय एकात्मता का ऐतिहासिक अध्याय* अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 के विशेष प्रावधानों को प्रभावहीन करने का निर्णय भारतीय संवैधानिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बना है।

राष्ट्रपति के संवैधानिक आदेशों और संसद द्वारा पारित जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक संबंधों में व्यापक परिवर्तन किए गए तथा तत्कालीन राज्य को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दो केंद्र शासित प्रदेशों में पुनर्गठित किया गया।

यह निर्णय राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक एकरूपता और प्रशासनिक पुनर्गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। दिसंबर 2023 में सर्वोच्च न्यायालय ने इस परिवर्तन को संवैधानिक रूप से वैध ठहराया।

यह घटनाक्रम भारत की संघीय व्यवस्था और राष्ट्रीय एकात्मता के संवैधानिक विमर्श का महत्वपूर्ण पड़ाव है।

*भारत में चुनावों के माध्यम से सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण हमारें लोकतन्त्र की विशेषता* भारत में चुनावों के माध्यम से सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण हमारी लोकतांत्रिक परंपरा की बड़ी उपलब्धि है।

जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सरकार चुनती है और समय आने पर उसे बदल भी सकती है। यह व्यवस्था तभी मजबूत बनी रह सकती है, जब नागरिक स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

चुनाव में भागीदारी, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान लोकतंत्र को स्थायित्व प्रदान करते हैं।

हमारा लोकतंत्र इस बात का प्रमाण है कि भारत में सत्ता परिवर्तन का आधार जनादेश है, न कि हिंसा, बल प्रयोग या असंवैधानिक तरीके। इस गौरवशाली परंपरा को बनाए रखना हर नागरिक का साझा दायित्व है।

*संविधान दिवस : अधिकारों के साथ कर्तव्यों का संकल्प* प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर वर्ष 2015 से 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की आधिकारिक परंपरा प्रारंभ हुई।

इसका उद्देश्य संविधान के प्रति नागरिक जागरूकता बढ़ाना, संविधान सभा के योगदान को स्मरण करना और नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ना है।

संविधान दिवस हमें केवल अपने अधिकारों की ही याद नहीं दिलाता, बल्कि राष्ट्र, समाज और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है।

भारत के संविधान की गौरवशाली यात्रा में 106 संशोधनों तक पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि हमारा लोकतंत्र समय के साथ विकसित हुआ है।

अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में शिक्षा, भाषाई सम्मान और राजनीतिक स्थिरता से जुड़े महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए, वहीं प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकीकरण, आर्थिक संघवाद, सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकार और महिला प्रतिनिधित्व से जुड़े नए अध्याय जुड़े।

संविधान की सफलता संशोधनों की संख्या में नहीं, बल्कि उनके प्रभाव में निहित है।

जब गरीब को न्याय मिले, युवा को अवसर मिले, महिला को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिले, शिक्षा प्रत्येक बच्चे तक पहुंचे, राज्यों की भागीदारी मजबूत हो और नागरिकों का लोकतांत्रिक संस्थाओं पर विश्वास बढ़े—तभी संविधान की वास्तविक भावना साकार होती है।

भारत का संविधान हमारी विरासत, वर्तमान की शक्ति और भविष्य का मार्गदर्शक है।

इसकी यात्रा हमें सिखाती है कि परिवर्तन आवश्यक है, लेकिन संवैधानिक मर्यादा सर्वोपरि है; विकास आवश्यक है, लेकिन न्याय के बिना अधूरा है; लोकतंत्र आवश्यक है, लेकिन नागरिक सहभागिता के बिना निर्बल है।

*राजस्थान विधानसभा की संविधान दीर्घा को संवैधानिक चेतना का प्रेरक माध्यम बनाने का प्रयास* संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विधायी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

राजस्थान विधानसभा में 26 नवंबर 2024 को संविधान दीर्घा का शुभारम्भ कर इस दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है।

विधानसभा के राजनीतिक आख्यान संग्रहालय में स्थापित यह दीर्घा भारत के संविधान की मूल भावना, उसके निर्माण और उसकी सांस्कृतिक-ऐतिहासिक विरासत को आमजन के सामने प्रस्तुत करती है।

संविधान के मूल स्वरूप में शामिल 22 भागों से संबंधित कलात्मक चित्रों और ऐतिहासिक सामग्री के माध्यम से यह दीर्घा आगंतुकों को संविधान की रचना, उसकी व्यापकता और भारतीय संस्कृति से उसके संबंध को समझने का अवसर देती है।

यह केवल चित्रों और दस्तावेजों का संग्रह नहीं, बल्कि नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने का माध्यम है। विधानसभा जैसी लोकतांत्रिक संस्था में संविधान दीर्घा की स्थापना का विशेष महत्व है।

यहाँ आने वाले विद्यार्थी, युवा, शोधार्थी और आम नागरिक संविधान की यात्रा को निकट से देख और समझ सकते हैं। इससे संविधान के प्रति सम्मान के साथ-साथ उसके मूल्यों को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा भी मिलती है।

मेरा मानना है कि देश की प्रत्येक विधायी संस्था, शैक्षणिक संस्थान और सार्वजनिक परिसर में संविधान संबंधी जागरूकता के प्रयासों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। संविधान को केवल पुस्तकों और न्यायालयों तक सीमित न रखकर जन-जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

निष्कर्ष के रूप में हम यह कह सकते है कि भारतीय संविधान में 106 संविधान संशोधनों की गौरवशाली यात्रा केवल कानूनों में परिवर्तन की कहानी नहीं है, बल्कि भारत के निरंतर विकसित होते लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकात्मता, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के संकल्प की गाथा है।

संविधान सर्वोपरि है, लोकतंत्र हमारी सामूहिक शक्ति है और राष्ट्र की एकता, नागरिक गरिमा तथा सबके लिए न्याय हमारा अंतिम लक्ष्य। यही भारत के संविधान की गौरवशाली यात्रा का सार है।