उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने कहा कि प्रदेश सरकार की अपेक्षा के अनुरूप राजस्व लक्ष्य के तहत स्टेट की ग्रोथ गत वर्ष की तुलना में 20 प्रतिशत है जो संतोषजनक है लेकिन निरोधात्मक कार्यवाहियों के तहत प्रगति वांछित है जिन जिलों में निरोधात्मक अभियान के दौरान अपेक्षा के अनुसार कार्य नही हुआ है वहां जिम्मेदारी तय कर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी आयुक्त विडियों कांफ्रेंस के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभागीय समीक्षा वीसी में राजस्व, निरोधात्मक गतिविधियों, बकाया वसूली के संबंध में विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
आबकारी आयुक्त ने वीसी में प्रदेश में 14 से 30 सितंबर तक जारी विशेष निरोधात्मक अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश में बीकानेर एवं उदयपुर में अवैध मदिरा परिवहन करते हुए 2 ट्रकों पर कार्रवाई हुई है जबकि प्रत्येक संभाग को कम से कम एक - एक अवैध मदिरा परिवहन के ट्रक पर कार्रवाई के निर्देश थे।
इस संबंध में मुखबिर तंत्र की सहायता से प्रभावी योजना बनाकर कार्य की आवश्यकता है।
आबकारी आयुक्त ने वीसी में निरोधात्मक अभियान की जोनवार समीक्षा करते हुए कोटा जोन की अवैध आईएमएफएल, देशी मदिरा, बीयर आदि की जब्ती पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित जोन उपायुक्त निरोधक दल हुकुम सिंह को अपेक्षित कार्रवाई करने को कहा एवं कमजोर प्रगति पर नोटिस देने के निर्देश प्रदान किए।
इसी क्रम में क्रमवार अन्य जोन के समस्त निरोधक दल के जोन उपायुक्त को संबंधित जोन के जिलों में फील्ड विजिट कर निरोधक टीमों को मोटिवेट करने के निर्देश प्रदान किए।
इस निरोधक कार्यवाही में पिछडे़ धौलपुर, सीकर, बारां, टोंक, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, बाड़मेर को परफाॅर्मेंस में सुधार के निर्देश दिए।आबकारी आयुक्त ने राजस्व लक्ष्य संबंधी समीक्षा करते हुए कहा कि गत वर्ष की तुलना में राजस्व के तहत स्टेट ग्रोथ अनुमानित 20 प्रतिशत है जिसे बनाए रखा जाना चाहिए।
उन्होंने संतोषजनक प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी जोन को 20 से 25 प्रतिषत की राजस्व वृद्धि के लक्ष्य को प्राप्त करते हुए प्रगति को बनाए रखने के निर्देश दिए।
कोटा जोन के समस्त जिलों बारां, झालावाड़, बूंदी, एवं कोटा की राजस्व प्रगति माईनस में रहने पर संबंधित अधिकारियों को समीक्षा कर अपेक्षित सुधार के लिए निर्देशित किए।
इसी क्रम में राजस्व ग्रोथ में अपेक्षित वृद्धि में पिछड़ रहे जिलों बीकानेर, सीकर, श्रीगंगानगर, जयपुर सिटी, अजमेर, पाली एवं भीलवाड़ा को वांछित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया।
वीसी में बकाया वसूली, गश्ती दल का मूवमेंट एवं कार्यवाही की समीक्षा की गई।वीसी में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त नीति प्रदीप सिंह सांगावत ने पीपीटी प्रजेन्टेशन के माध्यम से जिलेवार लक्ष्य व प्रगति के संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन प्रभा गौतम, वित्तिय सलाहकार सुनिता विजय, उपायुक्त ईपीएफ प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत सहित प्रदेश के समस्त जोन के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, उपायुक्त ईपीएफ, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, प्रहराधिकारी मौजूद रहे।
