उदयपुर। सविना स्थित करीब 500 वर्ष प्राचीन श्री खेरज माताजी मंदिर में तीन दिवसीय शिखर कलश प्रतिष्ठा महोत्सव का धार्मिक उल्लास, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।
ऐतिहासिक मंदिर में आयोजित इस महोत्सव को लेकर सविना सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट और धार्मिक साज-सज्जा से सजाया गया है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।आयोजन की जानकारी देते हुए व्यवसायी कालूलाल जैन ने बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन शुक्रवार को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया।
इसमें आमंत्रित भजन कलाकारों ने श्री खेरज माताजी की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। माताजी के भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।
भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इसमें आमंत्रित कवियों एवं रचनाकारों ने अपनी हास्य, व्यंग्य और काव्य रचनाओं के माध्यम से उपस्थित श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कवियों की रोचक प्रस्तुतियों पर पांडाल में देर तक ठहाके गूंजते रहे।
धार्मिक आयोजनों के साथ साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को विशेष रंग प्रदान किया।महोत्सव का मुख्य आकर्षण रविवार, 29 नवंबर को आयोजित होने वाला शिखर कलश स्थापना समारोह रहेगा।
रविवार सुबह 11 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मंदिर के शिखर पर कलश की प्रतिष्ठा की जाएगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।
कलश स्थापना के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक एवं क्षेत्रवासी महाप्रसादी ग्रहण करेंगे।विशाल भंडारे की महाप्रसादी अरिहंत प्रॉपर्टी डीलर के सौजन्य से आयोजित होगी।
इसमें केसर बाई, कालूलाल जैन, श्रीमती मीना जैन, यतीश-सुहानी जैन, कोमल, नमन एवं रिघव जैन का विशेष सहयोग रहेगा।करीब पांच शताब्दी पुराने श्री खेरज माताजी मंदिर में शिखर कलश प्रतिष्ठा का यह आयोजन क्षेत्र के लिए विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है।
महोत्सव को लेकर श्री खेरज माताजी मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
