मुख्य सामग्री पर जाएँ
शनिवार, 28 नवंबर 2026 उदयपुर · 29°C
Udaipur News

सुरों की मंडली सजाएगी आज मधुश्री हॉल में ग़ज़लों की नायाब महफ़िल

30 सुरसाधक अपनी आवाज़ में पेश करेंगे मशहूर फ़नकारों की चुनिंदा ग़ज़लें, संगीत प्रेमियों के लिए होगी यादगार शाम

WAf𝕏TGin✉🖨
सुरों की मंडली सजाएगी आज मधुश्री हॉल में ग़ज़लों की नायाब महफ़िल

उदयपुर। संगीत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी संस्था सुरों की मंडली की ओर से आज रविवार को मधुश्री हॉल, अशोका पैलेस में ग़ज़लों की एक खास और नायाब महफ़िल सजाई जाएगी। इस संगीतमय शाम में सुरों की मंडली के लगभग 30 सुरसाधक मशहूर ग़ज़ल फ़नकारों की लोकप्रिय एवं चुनिंदा ग़ज़लों को अपनी आवाज़ में प्रस्तुत कर संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

सुरों की मंडली के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि संस्था द्वारा संगीत को बढ़ावा देने, सुरसाधकों को मंच प्रदान करने और वरिष्ठ एवं प्रसिद्ध संगीतकारों की रचनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस विशेष ग़ज़ल संध्या का आयोजन किया जा रहा है। सुरों की मंडली परिवार के सदस्यों ने इस कार्यक्रम के लिए लंबे समय से विशेष रियाज़ किया है और अपनी प्रस्तुतियों को यादगार बनाने के लिए पूरी तैयारी की है।

कार्यक्रम में डॉ. महेश कपिला, समाजसेवी किशन वाधवानी, हेमंत भागवानी एवं रंजना भाटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम संयोजक रमेश दतवानी ने बताया कि ग़ज़ल की इस महफ़िल को और भी रोचक एवं मनोरंजक बनाने के लिए कई विशेष गतिविधियां रखी गई हैं। सुरसाधकों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही ग़ज़ल से संबंधित रोचक प्रश्न पूछे जाएंगे तथा सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों और मशहूर ग़ज़ल फ़नकारों की वेशभूषा में आने वाले सुरसाधकों को विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3:30 बजे सरस्वती वंदना के साथ होगा। इसके बाद सुरों की मंडली के सुरसाधक एक से बढ़कर एक ग़ज़लों की प्रस्तुतियां देंगे और अपनी आवाज़ के सुरों से महफ़िल को खास बनाएंगे।

कार्यक्रम के समापन पर समाजसेवी एवं गाओसा कराओके रेस्टोरेंट के संचालक दिलीप जैन की ओर से सभी सुरसाधकों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए संयोजक रमेश दतवानी के साथ सह-संयोजक महावीर प्रसाद जैन, गीता सिंह राठौड़, विजय सिंह राजपूत एवं नीलम पटवा सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

सुरों की मंडली परिवार ने उदयपुर के सभी संगीत प्रेमियों से विशेष आग्रह किया है कि वे इस खास ग़ज़ल महफ़िल में अवश्य पधारें और सुरसाधकों की प्रस्तुतियों का आनंद लेकर संगीत के इस खूबसूरत सफर के साक्षी बनें।