उदयपुर | आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम (अमर्ट), उदयपुर द्वारा मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, गठिया, तथा हृदय रोगियों के लिए विगत तीस वर्षों से चलाये जा रहे विशिष्ट चिकित्सा शिविर की श्रृंखला में रविवार 30 अगस्त 2026 को 350 वें चिकित्सा शिविर का आयोजन टेकरी-मादरी रोड स्थित जागृति परिसर में संपन्न हुआ. भुक्ति प्रधान डॉ. एस. के वर्मा ने बताया की आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम (अमर्ट), यूनाइटेड नेशंस द्वारा मान्यता प्राप्त एक गैर सरकारी संस्था है जिसका उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा करना है।
इसका गठन वर्ष 1970 में प्रउत, माइक्रोवाइटा तथा नव्य-मानवतावाद के प्रवर्तक श्री पी. आर. सरकार के निर्देशानुसार किया गया है और पूरे विश्व में अमर्ट कार्यकर्ता विभिन्न प्रकार के राहत और त्राण कार्य कर रहें हैं।
उन्होंने बताया की यह विशिष्ट चिकित्सा शिविर हर महीने के अंतिम रविवार को उदयपुर जागृति में आयोजित किया जाता है. इस चिकित्सा शिविर में मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, थायराइड तथा गठिया के मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, लिपिड प्रोफाइल, बोन डेंसिटी तथा थायराइड हार्मोन की निशुल्क जांच समय-समय पर की जाती है, साथ ही डॉ. एस. के. वर्मा द्वारा निशुल्क चिकित्सा परामर्श और समुचित दवाएं भी वितरित की जाती है।
उन्होंने कहा की यह केवल सभी रोगियों का विश्वास ही है जिस कारण यह शिविर लगातार चल रहा है क्योंकि वास्तव में रोग दूर करने की शक्ति केवल परमात्मा की ही है. प्रत्येक माह आयोजित होने वाले इस चिकित्सा शिविर में सुरेंद्र जैन, राजेंद्र जैन, गिरधारीलाल सोनी, जगदीश गौड़, नाथू सिंह जी, नरेश शर्मा, दिलीप, यशोदा बाई जैसे सेवाभावी कार्यकर्ता निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इस अवसर पर सभी रोगियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गयी.
