उदयपुर। राजस्थान सहित देशभर के उभरते स्टार्टअप को निवेशकों से जोड़ने और कारोबार विस्तार के लिए वित्तीय एवं रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीसीआई युवा निवेशक संपर्क 2026 का आयोजन आरंभ द्वारा किया जा रहा है। पहल के तहत अब तक करीब 200 स्टार्टअप आवेदन कर चुके हैं, जिनमें से 25 चयनित स्टार्टअप को निवेशकों के समक्ष अपना बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि आज के दौर में प्रतिभा और बेहतरीन बिजनेस आइडिया की कमी नहीं है, लेकिन कई स्टार्टअप को सही समय पर उपयुक्त निवेशक और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। आरंभ निवेशक संपर्क इसी अंतर को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि “सही स्टार्टअप, सही निवेशक और सही अवसर” को एक मंच पर लाया जाए, ताकि युवा उद्यमी अपने विचारों को बड़े और टिकाऊ कारोबार में बदल सकें।
बीसीआई युवा की अध्यक्ष मिनाक्षी पालीवाल ने बताया कि 15 सितंबर को निवेशक संपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित स्टार्टअप को एंजेल निवेशकों, वेंचर कैपिटल निवेशकों, फंड मैनेजर्स और उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के सामने अपने बिजनेस मॉडल और भविष्य की योजनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में मुंबई, गुजरात, दिल्ली, उदयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों से निवेशकों के जुड़ने की संभावना है।
बीसीआई युवा के उपाध्यक्ष रोहित पालीवाल ने बताया कि आरंभ निवेशक संपर्क के तहत चयनित स्टार्टअप के लिए करीब ₹10 करोड़ के संभावित निवेश कोष से फंडिंग अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके बाद 25 सितंबर को उदयपुर स्थित द थर्ड स्पेस में अंतिम प्रस्तुति सत्र आयोजित होगा। इस दौरान स्टार्टअप के बिजनेस मॉडल, बाजार की संभावनाओं, राजस्व एवं ग्रोथ, वित्तीय स्थिति, आवश्यक निवेश, वैल्यूएशन और भविष्य की विस्तार योजनाओं का आकलन किया जाएगा।
सचिव अंकुश रांका ने बताया कि 26 सितंबर को अंतिम सुविधा कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें चयनित स्टार्टअप और संभावित निवेशकों के बीच निवेश संबंधी विस्तृत चर्चा होगी और आगे की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।
मुकेश माधवानी ने कहा कि यह मंच केवल फंडिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि स्टार्टअप्स को नेटवर्किंग, मेंटरशिप, रणनीतिक मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बीसीआई युवा के महासचिव हिम्मत प्रजापत ने बताया कि आरंभ का लक्ष्य ऐसे स्टार्टअप को सामने लाना है, जिनके पास मजबूत बिजनेस मॉडल, बाजार में विस्तार की क्षमता और बड़े स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक अवसर पैदा करने की संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम के अवसर पर रोचक भावसार, संतोष मेघवाल, तिजेन्द्र साहू, राहुल कुमावत, नसन जैन, बीसीआई पिनाकल के अध्यक्ष अंशुल मोगरा, बीसीआई अल्फा के संजीव पटवा और लोकेश जोशी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
